-पारदर्शिता और जनसंपर्क की नई मिसाल बनीं एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल
-संवाद, सख़्ती और संवेदनशीलता से गाजियाबाद पुलिस व्यवस्था को दे रहीं नई दिशा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कमिश्नरेट पुलिस गाजियाबाद की पहचान लगातार बदल रही है और इसका श्रेय जाता है उन अधिकारियों को, जिन्होंने अपनी कार्यशैली से पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत पुल बनाया है। इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) वेव सिटीप्रियाश्री पाल अपने सख़्त लेकिन संवेदनशील रवैये और पारदर्शी कार्यप्रणाली से क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। शुक्रवार को हाल ही में एन आर ग्रान्ड बैंक्वेट हॉल, वेव सिटी में आयोजित संवाद कार्यक्रम इसका जीवंत उदाहरण रहा। प्रियाश्री पाल ने 100 से अधिक सम्भ्रान्त नागरिकों जिनमें पार्षद, चिकित्सक, व्यापारी, उद्योगपति, मीडियाकर्मी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे, से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने न केवल पुलिस की बीट प्रणाली को विस्तार से समझाया बल्कि क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतें और समस्याएँ सर्वोच्च प्राथमिकता पर निपटाई जाएंगी।
एसीपी प्रियाश्री पाल ने जनता को आश्वस्त किया कि पासपोर्ट सत्यापन, किरायेदार सत्यापन, चरित्र प्रमाणन जैसी प्रक्रियाओं में यदि कोई बीट अधिकारी अथवा कर्मचारी अनधिकृत लाभ लेने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों तक पहुँचाई जाए। उन्होंने सा$फ कहा कि ऐसी गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। उनकी यह पारदर्शी और दृढ़ कार्यशैली क्षेत्रवासियों में विश्वास का संचार कर रही है। प्रियाश्री पाल की कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे कानून-व्यवस्था को सख़्ती से लागू करने के साथ-साथ आमजन की भावनाओं और समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहती हैं। वे लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर नागरिकों से जुड़ती हैं और उनकी छोटी-बड़ी समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान कराती हैं। यही वजह है कि उनकी छवि कठोर अनुशासन और मानवीय संवेदना के संगम के रूप में उभर रही है।
संवाद कार्यक्रम में शामिल सम्भ्रान्त नागरिकों ने गाजियाबाद पुलिस और विशेष रूप से एसीपी प्रियाश्री पाल की कार्यशैली की भरपूर प्रशंसा की। नागरिकों ने कहा कि उनकी नेतृत्व क्षमता, सरल व्यवहार और स्पष्ट दिशा-निर्देशों से पुलिस व्यवस्था अधिक प्रभावी और जनहितकारी बन रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे इस नई कार्यप्रणाली का प्रचार-प्रसार समाज में करेंगे, ताकि हर नागरिक पुलिस से सीधे जुड़कर सुरक्षित महसूस कर सके। एसीपी प्रियाश्री पाल का सक्रिय और पारदर्शी रवैया गाजियाबाद पुलिस के लिए एक प्रेरणास्रोत बन रहा है। उनके नेतृत्व में थाना वेव सिटी क्षेत्र में न केवल अपराध नियंत्रण की दिशा में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं, बल्कि जनता का विश्वास भी पुलिस व्यवस्था में और गहरा हुआ है।
















