न्यू ईयर: नए साल के जश्न के रंग में ना पड़े कोई भंग आबकारी विभाग ने बढ़ाया पहरा

-हाईवे के साथ अब सड़कों पर भी शराब तस्करों की खोजबीन शुरू
-आबकारी विभाग ने तस्करों पर कसा शिकंजा, दिन-रात चेकिंग जारी

गौतमबुद्ध नगर। नए साल के स्वागत के लिए हर कोई उत्साहित है। लोग 31 दिसंबर और 1 जनवरी की रात के दौरान अलग ही उत्साह में नजर आएंगे। रात भर जश्न मनाया जाएगा। लेकिन इस जश्न के रंग में कोई भंग ना पड़े, इसके लिए गौतमबुद्ध नगर आबकारी विभाग की टीम भी पूरी तरह से तैयार नजर आ रही है। बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग ने भी अपना पहरा बढ़ा दिया है। प्राइवेट वाहन के साथ बस में सफर करने वाले यात्रियों की भी चेकिंग की जा रही है। न्यू ईयर पर अवैध शराब की खपत बड़े पैमाने पर होती है। बाहरी राज्यों में शराब की तस्करी करने वाले माफिया ने जहां अपना ट्रेंड बदल दिया है, तो वहीं आबकारी विभाग की टीम ने भी अपना जांच व कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। जिससे किसी भी सूरत में बाहरी राज्य की शराब गौतमबुद्ध नगर की सीमा में न आ सकें। ऐसे में तस्करों ने अवैध शराब बनाने का धंधा शुरू कर दिया है।

अवैध शराब के तस्करों तक पहुंचने के लिए आबकारी विभाग ने नया तरीका खोजा। मुख्य मार्गों पर चेकिंग के बाद अब बसों पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। आबकारी विभाग की 7 टीमें अलग-अलग जगह पर तैनात रहेगी। अलबत्ता शराब तस्करी के इस रूट को बंद करने की कोशिश की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने हाइवे के साथ ढाबा, तस्करों के ठिकानों के साथ बसों की भी दिन-रात चेकिंग करने का निर्देश दिए है। कहा कि आबकारी इंस्पेक्टर की संलिप्तता नहीं हो, इसको देखते हुए रोज अलग-अलग टीम भेजी जाती है। यह टीम लगातार चेकिंग करेगी। जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि बसों में सफर करने वाले संदिग्ध यात्रियों के सामान की जांच कराई जा रही है। आबकारी निरीक्षण जांच-पड़ताल कर रहे हैं। आबकारी विभाग ने साफ कर दिया है कि अगर कोई भी होटल या रेस्टोरेंट बगैर परमीशन के अपने यहां पर शराब परोसता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आबकारी विभाग टीम की पैनी नजर नए साल की उन जगहों पर रहेगी जहां पर शराब पार्टी चल रही होगी। इनमें से शहर के भीतर और बाहर के होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर विशेष निगाह रहेगी, जहां पर आबकारी विभाग की तीन टीमों द्वारा छापेमारी की कार्रवाई की जाएगी।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया अवैध शराब के खिलाफ जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक सेक्टर-1 गौरव चन्द, सेक्टर-2 रवि जायसवाल, सेक्टर-3 शिखा ठाकुर, सेक्टर-4 अभिनव शाही, सेक्टर-5 चन्द्रशेखर सिंह, सेक्टर-6 नामवर सिंह एवं सेक्टर-7 आशीष पाण्डेय की टीमों के साथ प्रवर्तन मेरठ की टीमें भी शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। टीम द्वारा थाना-135 एक्सप्रेस वे के अन्तर्गत रायपुर यमुना पुश्ता फार्म हाउस पर हरियाणा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई। यमुना पुश्ता हरियाणा व गौतमबुद्धनगर से सटा हुआ है। नववर्ष को लेकर शराब तस्करी की भी संभावनाएं बढ़ जाती है। जिसके लिए एहतियात के तौर पर चेकिंग अभियान के साथ लोगों को भी अवैध शराब के खिलाफ जागरुक किया जा रहा है।

इसके अलावा टीम द्वारा सिरसा टोल प्लाजा पर गाडिय़ों की गहनता से चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान कोई भी अवैध शराब नही पाया गया। इसके अलावा टीम द्वारा सेक्टर-63 एच ब्लॉक स्थित रेस्टोरेंट बार का निरीक्षण किया गया। संयुक्त टीम द्वारा बार संचालकों को नववर्ष के आगमन के दृष्टिगत निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर ग्राहकों से अभद्र व्यवहार न किया जाए और ऐसी स्थिति में तत्काल आबकारी एवं पुलिस विभाग को सूचित किया जाए। साथ ही साथ बार अनुज्ञापनों को नियमानुसार संचालन के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा सभी सेक्टर के इंस्पेक्टरों को देशी, अंग्रेजी और बीयर की दुकानों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। दुकानों पर अधिक रेट में शराब बेचने और मिलावट की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। यदि कोई ग्राहक शिकायत करता है तो उसे गंभीरता से लें।