-सम्पूर्ण समाधान दिवस: आमजन की समस्याओं पर प्रशासन का त्वरित ध्यान
-195 शिकायतों में से 12 का मौके पर निस्तारण, शेष का शीघ्र निष्पक्ष निपटान सुनिश्चित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शासनादेश के अनुरूप माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस के तहत शनिवार को जनपद गाजियाबाद की तीनों तहसीलों लोनी, मोदीनगर एवं सदर में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ की अध्यक्षता एवं निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनसमस्याओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करना रहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके।
लोनी तहसील में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी दीपक सिंघनवाल, तहसीलदार, पुलिस अधिकारी, नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मोदीनगर तहसील में एडिशनल कमिश्नर मेरठ श्री अम्बरीष बिन्द की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां कुल 106 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 02 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम में एडीएम (ई) ज्योति मोर्या, आईएएस अयान जैन, एसडीएम मोदीनगर अजीत कुमार, तहसीलदार, पुलिस अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। सदर तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 37 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 06 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर नगर निगम, पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस प्रकार जनपद की तीनों तहसीलों में कुल 195 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों के शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
















