नोएडा अथॉरिटी कर रही ग्रामीणों से संवाद, हल होंगी समस्याएं

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। सीईओ कृष्णा करुणेश की पहल के बाद अफसर ग्रामीणों के साथ बैठकें शुरू कर दी हैं। सेक्टर-104 स्थित हाजीपुर गांव के सामुदायिक केंद्र में शुक्रवार को ग्रामीणों और प्राधिकरण अधिकारियों के बीच बैठक आयोजित हुई। बैठक में गांव की मूलभूत समस्याओं-पेयजल, सीवर, सफाई व्यवस्था और जर्जर सड़कों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों ने समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग उठाई।

बैठक में बताया गया कि गली नंबर-3 में कूड़ा डंपिंग ग्राउंड जैसा हाल हो गया है, जिससे आसपास के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने नियमित सफाई और कूड़ा उठान सुनिश्चित करने की मांग की। गांव की अधिकांश सड़कें टूटी पड़ी हैं। गड्ढों में पानी भरने से हालात और खराब हो जाते हैं। विशेष रूप से गली नंबर-8 की स्थिति बेहद खराब बताई गई, जहां चलना भी मुश्किल है। लोगों ने सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग की।

पेयजल आपूर्ति भी बड़ी समस्या बनी हुई है। कई बार पानी नहीं आता और आता भी है तो दूषित जल की शिकायत रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की पाइपलाइन काफी पुरानी हो चुकी है, जिसे बदला जाना जरूरी है। वहीं, सामुदायिक केंद्र परिसर में भी सीवर का पानी जमा होने से असुविधा हो रही है। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।