यूपी की भाजपा सांसद होंगी गिरफ्तार, कोर्ट ने जारी किया गैर जमानती वारंट

रीता बहुगुणा जोशी के खिलाफ गैर जमानती वारंट

लखनऊ। भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है। अदालत ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया है। 3 साल से ज्यादा पुराने मामले में यह कार्रवाई की गई है। उस समय रीता बहुगुणा कांग्रेस में थीं। आरोप है कि धरना-प्रदर्शन के दरम्यान पुलिस पर पथराव कर तोड़-फोड़ की गई थी। एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष जज पवन कुमार राय ने भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज बब्बर और प्रदीप जैन आदित्य सहित 9 अभियुक्तों के खिलाफ भी गैर जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया है। इस प्रकरण में वारंट तामील न कराने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) हजरतगंज को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सीओ को 8 दिसंबर को कोर्ट के समक्ष पेश होकर वारंट तामील न कराने का कारण बताना होगा। ऐसा न होने पर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कोर्ट ने सभी 9 अभियुक्तों के साथ इनके जमानतदारों को भी नोटिस जारी करने का फरमान सुनाया है। यह केस विगत 17 अगस्त 2015 का है। तब कांग्रेस ने लखनऊ के लक्ष्मण मेला स्थल पर सरकार विरोधी धरना-प्रदर्शन किया था। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस के नेता धरना स्थल से विधान सभा का घेराव करने निकले थे। आरोप है कि इस बीच पथराव होने से भगदड़ मच गई थी। हमले में पुलिस-प्रशासन के कई अधिकारी जख्मी हो गए थे। कुछ राहगीरों को भी चोट आई थी। पुलिस ने 25 दिसंबर 2015 को विवेचना के बाद 18 अभियुक्तों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कर आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल किया था। जिन अभियुक्तों के गैर जमानती वारंट जारी करने के आदेश दिए गए हैं, वह कोर्ट में पेश नहीं हो रहे थे। बता दें कि रीता बहुगुणा जोशी वर्तमान में भाजपा में हैं। वह सांसद भी हैं।