गाजियाबाद। जीडीए की प्रस्तावित नॉर्दर्न पेरीफेरल रोड एवं आउटर रिंग रोड के निर्माण कराए जाने को लेकर जीडीए अब कार्रवाई तेज करेगा। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर शनिवार को जीडीए के प्रभारी भू-अर्जन सुशील कुमार चौबे ने नायब तहसीलदार रवि प्रजापति,अभियंत्रण जोन-1 के सहायक अभियंता पीयूष सिंह,सहायक अभियंता प्रबुद्ध राज सिंह एवं अमीन के साथ अभियंत्रण जोन-1 के अंतर्गत सड़कों का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे।
जीडीए के भू-अर्जन प्रभारी सुशील कुमार चौबे ने बताया कि मुख्य रूप से नॉर्दर्न पेरीफेरल रोड और आउटर रिंग रोड (अग्रवाल हाईट्स से भट्टा नंबर-5 तक)रोड का निरीक्षण किया गया। इसका नक्शा भी मौके पर देखा गया। उन्होंने मौके पर निर्देशित किया कि आउटर रिंग रोड के अंतर्गत जो सड़क नहीं बनाई गई हैं। उसका कार्य प्राथमिकता पर पूर्ण कराए जाए। इसके साथ ही अन्य मार्गों के निर्माण की कार्रवाई भी प्रस्तावित की जाए। इसके अलावा हम-तुम रोड किनारे किए गए अवैध निर्माण को चिन्हित करते हुए उन्हें ध्वस्त करने की कार्रवाई भी प्राथमिकता पर की जाए। इसके अलावा प्रवर्तन जोन-1 क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान कुछ अवैध निर्माण को चिन्हित करते हुए मौके पर चालान की कार्रवाई भी की गई।















