-नाहल गांव में भीड़ ने की अंधाधुंध फायरिंग और पथराव
-सिपाही हत्याकांड का मुख्य आरोपी कादिर गिरफ्तार, कमिश्नर स्थल पर पहुंचे
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव में नोएडा पुलिस के सिपाही सौरभ देशवाल की हत्या के मामले में सोमवार सुबह छह बजे मसूरी थाने में मुख्य आरोपित कादिर उर्फ मंटा पुत्र खुर्शेद समेत इसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मसूरी थाना पुलिस ने शातिर बदमाश कादिर उर्फ मंटा को गिरफ्तार कर लिया है। कादिर के उकसाने पर ही इसके साथियों ने पुलिसकर्मी पर गोली चलाई थी। सिपाही की मौत के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। इस घटना के बाद पुलिस आयुक्त जे.रविन्दर गौड़ भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी से मामले की पूरी जानकारी ली। बता दें कि । नोएडा फेस-3 थाने के दारोगा सचिन राठी की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में बताया गया है कि सात पुलिसकर्मी नाहल गांव में आरोपित शातिर बदमाश कादिर को पकडऩे गई थी। इनमें पुलिस टीम में दारोगा उदित सिंह, निखिल,सिपाही सचिन, सौरभ देशवाल, संदीप कुमार और सोनित शामिल थे। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कादिर गांव में मौजूद है। मुखबिर ने पुलिस को यह भी बताया था कि कादिर एक आदतन अपराधी है और पुलिस को देखकर भाग सकता है और गांव में कई आपराधिक प्रवृत्ति के लोग रहते हैं। जैसे ही नोएडा पुलिस टीम ने कादिर को पकडऩे की कोशिश की, उसने और वहां मौजूद अन्य लोगों ने पुलिस का विरोध करना शुरू कर दिया।
कादिर ने लोगों को उकसाया कि पुलिस उसे पकड़कर ले जा रही है और उन्हें मारने के लिए कहा। इसके बाद भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग की और पथराव भी किया। कॉन्स्टेबल सौरभ देशवाल (33) के सिर में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए,जबकि कॉन्स्टेबल सोनित भी घायल होकर जमीन पर गिर गए। पुलिस टीम ने अपनी जान बचाने और कादिर को वहां से निकालने की कोशिश की। घायल कॉन्स्टेबल सौरभ को तत्काल यशोदा अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कॉन्स्टेबल सोनित का इलाज चल रहा है। 23 वर्षीय कादिर के खिलाफ 24 मुकदमे दर्ज है। कादिर ने पुलिस पर नजर रखने के लिए कोठी के गेट पर दो बड़े-बड़े सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए हुए हैं। दरअसल,मसूरी थाने के नाहल गांव में रविवार देर रात वांछित कादिर को पकडऩे गई नोएडा और मसूरी पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने पथराव और फायरिंग कर दी। गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-3 में तैनात एक सिपाही सौरभ देशवाल को गोली लग गई, पुलिस टीम उसे यशोदा अस्पताल लेकर पहुंची, यहां सिपाही को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सौरभ के सिर में बदमाशों की गोली लगी थी। मूल रूप से जनपद शामली के गांव दधेऊ के रहने वाले सौरभ देशवाल की मौत की सूचना पर नोएडा पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह गाजियाबाद यशोदा अस्पताल पहुंची थी। डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने बताया कि वांछित अभियुक्त कादिर नाहल का रहने वाला है,उसकी गिरफ्तारी के लिए नोएडा पुलिस रविवार रात 12 बजे मसूरी पुलिस टीम के साथ नाहल गांव में आई थी, उसी दौरान ये घटना हुई है। वहीं, भाग रहे कादिर को पुलिस ने घेर कर पकड़ लिया है। मामले में थाना फेस-3 गौतमबुद्धनगर के उपनिरीक्षक सचिन ने एक तहरीर दी है।थाना मसूरी में तहरीर के आधार पर कादिर और उसके साथियों के खिलाफ मसूरी थाने में भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा-191(2),191(3),190,131,125,121(2),132, 109(1), 103(1), 61(2), 50,351(3) और आपराधिक कानून(संशोधन) अधिनियम 1932 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव में रविवार देर रात बदमाश पकडऩे आई नोएडा पुलिस टीम पर पथराव और फायरिंग में सिपाही सौरभ देशवाल की मौत के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी रही।
रातभर 200 पुलिसकर्मियों की टीम बदमाशों की तलाश में जुटी थी। सोमवार को दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद मसूरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एडिशनल पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी के साथ कई थानों की पुलिस बदमाशों की तलाश रही थी। बलिदानी सिपाही सौरभ के शव का सोमवार पोस्टमार्टम होने के बाद नोएडा ले जाया गया। जहां पुलिस लाइन में पुलिस आयुक्त समेत पुलिस अधिकारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सुबह से ही पोस्टमार्टम हाउस पर नोएडा पुलिस की टीम मौजूद रहीं। नोएडा फेस-3 थाने के दारोगा सचिन कुमार की तहरीर पर मसूरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि शातिर बदमाश कादिर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उपनिरीक्षक सचिन कुमार की तहरीर पर मसूरी थाने में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर देंगी 1 लाख रुपए:नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मसूरी के नाहल गांव में शहीद सिपाही सौरभ देशवाल के परिवार को एक लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की।वहीं,सभी पुलिस कर्मियों का एक दिन का वेतन भी शहीद के परिजनों को आर्थिक मदद के रूप में दिया जाएगा। नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने गाजियाबाद में बदमाश को पकडऩे के दौरान शहीद हुए सिपाही सौरभ के परिजनों के लिए महत्वपूर्ण फैसला लिया है। सिपाही सौरभ थाना फेस-3 में तैनात थे। गाजियाबाद में बदमाश कादिर को पकडऩे के दौरान गोली लगने से शहीद हो गए थे। यह कदम पुलिस विभाग की ओर से शहीद सिपाही के परिवार के प्रति संवेदना और समर्थन व्यक्त करने का प्रयास है।

















