एसएचओ की पिस्टल छीनकर भाग रहा था कुख्यात बदमाश, पुलिस मुठभेड़ में हुआ घायल

गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में दो परचून व्यापारियों को लूटने वाले दीपक अगरौला गैंग के शातिर बदमाश 25 हजार इनामी महेश उर्फ ढोलू को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस जब उसे रिमांड पर लेकर जा रही थी। तब उसने एसएचओ की पिस्टल छीनकर फरार होने लगा, घेराबंदी करते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगने से घायल हो गया।

लोनी एसीपी रजनीश उपाध्याय ने बताया, ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश महेश उर्फ ढोलू को शनिवार को हरियाणा के बनवारीपुर से गिरफ्तार किया था। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर गाजियाबाद आई। यहां उसने वह जगह बताई, जहां पर एक अवैध पिस्टल छुपाई हुई थी। पुलिस रविवार सुबह महेश को लेकर उसी स्थान पर पहुंची। तभी बदमाश ने एसएचओ की सरकारी पिस्टल छीनकर फायरिंग करते हुए भागने लगा। सरकारी पिस्टल पूरी लोडेड थी। जिसमें 10 कारतूस थे। पुलिस ने बचाव में फायरिंग की, जिसमें एक गोली महेश उर्फ ढोलू के पैर में जा लगी। आरोपी के कब्जे से लूटी गई सरकारी

पिस्टल और कारतूस सहित एक अवैध पिस्टल बरामद किया गया। महेश के खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा गंभीर केस दर्ज हैं। फिलहाल उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी ने 25 फरवरी को ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में राजू जैन नामक परचून व्यापारी की दुकान में घुसकर 68 हजार रुपए लूटे थे। इससे पहले लोनी क्षेत्र में ही परचून व्यापारी अली हसन से 34 हजार रुपए की लूट हुई थी। 2 मार्च को पुलिस ने इन दोनों लूट में 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया। पता चला कि कुख्यात दीपक अगरौला गैंग के सदस्य हैं।