अब एयरपोर्ट में घुसा गुलदार, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

गाजियाबाद में दिखा तेंदुआ भी अब तक नहीं मिला

देहरादून। जौलीग्रांट एयरपोर्ट में गुलदार के घुस जाने से एकाएक हड़कंप मच गया। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर आ पहुंची। वन विभाग की टीम ने गुलदार को रेस्क्यू करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। एयरपोर्ट में तैनात सुरक्षा जवानों और कर्मचारियों को सतर्क कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार एयरस्ट्रिप के पास ड्रेनेज में गुलदार घुस गया है। एयरपोर्ट की सुरक्षा में मुस्तैद सीआरपीएफ की टीम को मंगलवार की सुबह एयरस्ट्रिप के पास गुलदार दिखाई दिया। सीआरपीएफ जवानों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी। वन विभाग की 2 टीमें वहां आ पहुंची। इन टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है, मगर गुलदार के ड्रेनेज पाइप में घुस जाने के कारण रेस्क्यू में परेशानी आ रही है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट घने जंगल से लगा है। वहां अक्सर बंदर, सियार और भेड़िए एयरस्ट्रिप पर आ जाते हैं। वन विभाग वहां पिंजरे लगाकर अभी तक कई बंदर और सियार पकड़ चुका है। पिछले माह रिंगटेल कैट भी पहली बार वहां से पकड़ी गई थी। वन विभाग वहां अक्सर पिंजरा लगाकर रखता है। वन विभाग ने अब विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बुलाई है। गुलदार को ट्रेंकुलाइज करने की योजना है, मगर इसके लिए भी तब तक इंतजार करना होगा जब तक गुलदार ड्रेनेज से बाहर नहीं आ जाता। बता दें कि कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में राधा कुंज कॉलोनी में तेंदुआ दिखाई दिया था। इसके बाद आस-पास के नागरिकों में हड़कंप मच गया था। तेंदुआ का रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग की टीम को लगाया गया है, मगर अब तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है। इंग्राहम इंस्टीट्यूट के पास जंगल में कुछ पिंजरे भी लगाए गए हैं। तेंदुआ का रेस्क्यू न होने से नागरिकों में डर और घबराहट का आलम है। वन विभाग ने आशंका जाहिर की है कि तेंदुआ जंगल में कहीं छिपकर बैठ गया है।