सड़कों पर अब कब्जा नहीं चलेगा कानून का राज, रात में एसीपी की कार्रवाई से कांपे अतिक्रमणकारी

-एसीपी की सख्त कार्यशैली का दिखा असर, पैदल गश्त कर अतिक्रमण हटवाया, दी कड़ी चेतावनी
-बजरिया में अवैध अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई, चेतावनी के बाद अब नहीं मिलेगी छूट

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में अब कानून का डंडा सड़कों पर दिखाई दे रहा है, जहां फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। जिसकी शुरुआत एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने कि है, जो गुरुवार रात खुद पैदल गश्त पर निकले और बजरिया क्षेत्र सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। उनकी तेज, अनुशासित और परिणामोन्मुखी कार्यशैली ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि अब गाजियाबाद की सड़कों पर अराजकता नहीं, अनुशासन चलेगा। पैदल गश्त के दौरान बजरिया रेलवे स्टेशन के पास सड़क पर भारी अतिक्रमण पाया गया। सड़क किनारे ठेले, खोमचे और अवैध निर्माण के कारण वहां यातायात बाधित हो रहा था और नागरिकों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। एसीपी रितेश त्रिपाठी ने मौके पर ही अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया और टीम के साथ तत्काल कार्रवाई करवाई। यही नहीं, उन्होंने अतिक्रमण करने वालों को सख्त लहजे में चेताया कि यदि दोबारा यह स्थिति पाई गई तो कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान करीब 50 अवैध अतिक्रमणकारियों पर कार्यवाही करते हुए नोटिस भेजा गया।

यह अभियान कोई विशेष एक दिन का नहीं बल्कि अब लगातार चलाया जाएगा। एसीपी रितेश त्रिपाठी की कार्यशैली केवल आदेश देना नहीं, बल्कि स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करना है। उनका मानना है कि कागजों पर कार्रवाई नहीं, सड़कों पर बदलाव जरूरी है। यही कारण है कि उनकी अगुवाई में पुलिस टीम ने अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ आमजन से संवाद भी किया, समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि पुलिस जनता के साथ खड़ी है। यह शैली गाजियाबाद पुलिस के लिए एक प्रेरणास्रोत बनती जा रही है। एसीपी ने बताया कि बजरिया क्षेत्र में इससे पहले भी अतिक्रमणकारियों को समझाया गया था, परंतु इसके बावजूद दोबारा कब्जा कर लिया गया। उनकी यह साफ-सुथरी सोच और कठोर अनुशासनिक रवैया अब शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को नई दिशा दे रहा है।

एसीपी ने कहा कि सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो लोग सार्वजनिक स्थानों पर कब्ज़ा कर आमजन को परेशान कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हमारी टीम निरंतर गश्त कर रही है और नागरिकों से भी अपील है कि वे सहयोग करें व नियमों का पालन करें। एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी की यह पहल न केवल अवैध कब्जों पर लगाम कसने की मुहिम है, बल्कि यह गाजियाबाद पुलिस की जमीनी उपस्थिति और सक्रियता का जीता-जागता उदाहरण भी है। ऐसे में साफ है कि अब गाजियाबाद की सड़कों पर न तो अराजकता पनपेगी और न ही अवैध कब्ज़ों को बख्शा जाएगा।