नया सियासी घर: अब शिवसेना में उर्मिला मातोंडकर

मुख्यमंत्री ठाकरे की मौजूदगी में ग्रहण की सदस्यता

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने अब शिवसेना के साथ नई सियासी पारी की शुरूआत की है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में उर्मिला ने मंगलवार को शिवसेना की सदस्यता ग्रहण की। पिछले कुछ दिनों से उनके शिवसेना ज्वाइन करने की चर्चाएं चल रही थीं। इन चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडर मंगलवार को मातोश्री पहुंचीं। वहां मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की उपस्थिति में उन्होंने शिवसेना ज्वाइन कर ली। इसके पहले उर्मिला कांग्रेस के साथ रह चुकी हैं, मगर लोकसभा चुनाव में पराजित होने के बाद उन्होंने कांग्रेस को अलविदा कर दिया था। अब वह शिवसेना के साथ नई राजनीतिक पारी शुरू कर रही हैं। संभवत: वह गवर्नर के कोटा की तरफ से विधान परिषद में शामिल हो सकती हैं। महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी सरकार जिसमें शिवेसना, कांग्रेस और शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल हैं, ने महाराष्ट्र के गवर्नर बीएस कोश्यारी को उर्मिला मातोंडकर सहित 11 व्यक्तियों के नाम भेजे हैं। अभी तक गवर्नर ने इनके नामों को अपनी मंजूरी नहीं दी है। उर्मिला मातोंडकर ने 2019 के लोकसभा चुनाव में मुंबई उत्तरी सीट से चुनाव लड़ा था। उन्हें कांग्रेस ने टिकट दिया था। हालांकि उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। बाद में उन्होंने कांग्रेस की मुंबई इकाई के काम-काज के तरीकों से नाराज होकर पार्टी छोड़ दी थी। उर्मिला मातोंडकर ने कुछ दिन पहले कंगना रनौत की भी आलोचना की थी। कंगना द्वारा मुंबई की तुलना पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) से किए जाने पर उर्मिला ने निंदा की थी। उर्मिला मातोंडकर का जन्म 4 फरवरी 1974 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने अभिनय करियर की शुरूआत बतौर चाइल्ड एक्ट्रेस की थी। फिल्म रंगीला के किरदार के लिए भी उर्मिला को खासी प्रशंसा मिली थी। राजनीति में आने के बाद से वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं।