-प्रधानमंत्री मोदी का ऐतिहासिक फैसला, पिछड़े वर्ग का होगा समग्र विकास
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण ने गुरुवार को खोड़ा कॉलोनी स्थित एसएस इंटरनेशनल स्कूल में एक संगोष्ठी के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जातिगत जनगणना का लिया गया फैसला न केवल ऐतिहासिक है, बल्कि यह देश के पिछड़े वर्गों को उनका वास्तविक हक दिलाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पिछड़ों के लिए शक्ति और सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त करेगा, जिससे देश भी और अधिक ताकतवर बनेगा। डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि अब तक ओबीसी वर्ग की गिनती पूरी स्पष्टता के साथ नहीं हो पाती थी, जिससे उनके उत्थान के लिए ठोस नीति बनाना मुश्किल होता था। लेकिन जातिगत जनगणना से सरकार के पास मजबूत आंकड़े होंगे, जिनके आधार पर नीतिगत योजनाएं बनेंगी और पिछड़े वर्गों को समाज की मुख्यधारा में लाने का कार्य तेजी से होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा पिछड़ों के सम्मान और अधिकारों के लिए आवाज उठाई है और प्रधानमंत्री मोदी ने इस सपने को साकार किया है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री और ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप ने भी जातिगत जनगणना के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष से राजनीति का सबसे बड़ा मुद्दा छीन लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को सबसे अधिक चिंता ओबीसी वर्ग की है और इसी वजह से यह निर्णय लिया गया ताकि इस वर्ग की पहचान कर उसे बेहतर भविष्य देने की योजना बनाई जा सके। कार्यक्रम में नरेंद्र कश्यप ने जोर देकर कहा कि भाजपा हमेशा ओबीसी वर्ग के साथ खड़ी रही है और लगातार उनके लिए नई-नई योजनाएं बना रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जो संकल्प लेते हैं, उसे हर हाल में पूरा करते हैं। लंबे समय से भाजपा जातिगत जनगणना की मांग करती रही, लेकिन विपक्षी दलों के असहयोग के कारण यह विषय अटका रहा। अब जब प्रधानमंत्री ने इसे मंजूरी दी है, तो पूरा ओबीसी समाज इस फैसले का स्वागत कर रहा है। इस संगोष्ठी में भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को जातिगत जनगणना के महत्व और इससे मिलने वाले सामाजिक-आर्थिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी देना था।
कार्यक्रम में ओबीसी समाज के लोगों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और सरकार के इस निर्णय पर प्रसन्नता जताई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में देवेंद्र यादव, जयप्रकाश कुशवाहा, हरवीर पाल, सौरभ जायसवाल, जीतू राय, योगेश भाटी, हरेंद्र नागर, सचिन अंबावता, प्रशांत गोस्वामी, मधुकर मोनू, घनश्याम तिवारी, अवधेश यादव, लक्ष्मण रावत, दीवान सिंह लटवाल, अशोक सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में भाजपा ओबीसी वर्ग को जागरूक करने और उनके हक के लिए लगातार संवाद करती रहेगी, जिससे विपक्ष इस मुद्दे पर राजनीति न कर सके।
















