जनता की शिकायत के निस्तारण में अधिकारी दें विशेष ध्यान: नरेन्द्र कश्यप

-राज्य मंत्री ने पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

गाजियाबाद। जन समस्याओं का निस्तारण प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार का सपना है कि सबको आगे बढऩे के समान अवसर मिले। जन समस्याओं के निस्तारण में हीला हवाली किसी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उक्त बातें शनिवार को विजय नगर थित गंगाजल गेस्ट हाउस में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहीं। जनसमस्याओं का निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारी जन समस्याओं के निराकरण के प्रति गंभीर रहे तथा प्रारंभिक दौर में ही आने वाली समस्याओं का निर्णायक निस्तारण करें। गंगाजल गेस्ट हाउस में दो समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें पहली बैठक में उन्होंने पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन को लेकर मंडल स्तर पर समीक्षा की। तो वहीं दूसरी बैठक में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस कमिश्नर अजय मिश्रा, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, जीडीए वीसी अतुल वत्स, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल के साथ बैठक की। बैठक में राज्य मंत्री ने अधिकारियों को जनसुनवाई बेहतर ढंग से करने और पुलिस कमिश्नर के साथ ही जीडीए वीसी के साथ अलग से बातचीत की।

इसके बाद उन्होंने गेस्ट हाउस में ही पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा उनके दोनों ही मंत्रालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बेहतर काम कर रहे हैं। पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्राओं को स्कॉलरशिप बढ़ाने और बेहतर पढ़ाई करने के लिए छात्रावासों की भी सुविधा दी जा रही है। जल्द ही गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में दो नए छात्रावास भी ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए निर्मित किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने अनुदान की राशि बढ़ाई जाने की भी जानकारी दी है। साल 2023 में बजट बढ़ाकर 200 करोड रुपए हो गया है। ओबीसी छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन का बढिय़ा प्रबंध किया जा सके। राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि बीते दिनों गाजियाबाद की खबरों पर ध्यान दिया तो अवैध कार्रवाई को लेकर जीडीए की जानकारी मिली। इस पर उन्होंने जीडीए वीसी को कहा है कि अवैध निर्माण है तो कार्रवाई की जाए पैनिक ना फैलाया जाए। मीडिया में समाचार आने से पैनिक फैल जाता है। करवाई है तो करें और उसके लिए शोर ना मचाए। इसके साथ ही उन्होंने जीडीए वीसी से आवास की स्कीम लाने के साथ ही मध्यम और निम्न वर्ग के लोगों के लिए कोई आवासीय योजना जल्द से जल्द लाने को  कहा है ताकि जनता को राहत पहुंचाई जा सके।

अपराधियों पर कार्रवाई हो लेकिन निर्दोष न डरें
राज्य मंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर अजय मिश्र से भी बातचीत की। उन्होंने सीपी से कहा है कि डंडे से काम नहीं चलता है। अपराधियों पर कार्रवाई हो पर निर्दोष में डर नहीं होना चाहिए। साथ ही उन्होंने कानून व्यवस्था की स्थिति सपा की सरकार से बेहतर बताई है। पुलिस के पास आने वाले फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार करें। बदमाशों में खौफ पैदा करने के साथ-साथ निर्दोष लोगों के साथ पुलिस मित्रता का व्यवहार करें।

मानसून से पहले नालों की सफाई के साथ मच्छरों पर लगे कंट्रोल
समीक्षा बैठक के दौरान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से बातचीत करते हुए मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा है कि इस समय गर्मी बहुत है। कहीं भी पानी की कमी न हो इसके लिए सभी व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए। साथ ही सरकार की मुहिम हर घर जल की योजना पर कार्य करें। निगम में आने वाली शिकायतों के निस्तारण में अधिकारी पारदर्शिता के साथ कार्य करें। मानसून आने वाला है, मानसून से पहले सभी नालों की सफाई की जाए। जिससे बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या न रहे और मच्छरों के प्रकोप को खत्म करने के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाता रहे। स्वास्थ्य विभाग नजर रखें ताकि किसी प्रकार की असुविधा आने वाले बरसाती सीजन में लोगों को न उठानी पड़े।

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा उनका विभाग टॉप 10 प्रदर्शन में शामिल
स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप का कहना है कि पहले मंत्रिमंडल बजट और व्यक्ति को देखकर होते थे लेकिन साल 2022 में जब उन्हें पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग दिया गया तो उन्होंने सोचा था कि वह ऐसे बेहतर ढंग से काम कर सके कि उत्तर प्रदेश में मंत्री इस विभाग की भी मांग करें। उन्होंने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि बीते दो सालों में उनका विभाग और उनके अधिकारियों और कर्मचारियों ने बेहतर काम किया है। टॉप 10 विभागों में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रदर्शन करने वाली जो लिस्ट है, उनका विभाग भी उस लिस्ट में शामिल हैं। यह उनके लिए भी बहुत ही सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार जिस प्रकार से जनता के लिए काम कर रही है वह सब भली भांति जानते हैं।