कांवड़ यात्रा की तैयारी में जुट जाएं अधिकारी: इन्द्र विक्रम सिंह

-कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित व शांतिपूर्वक पूर्ण कराने के लिए विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश
-कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम ने ली अधिकारियों की बैठक
-11 जुलाई तक सभी विभाग दें अपने-अपने प्लान की रिपोर्ट

गााजियाबाद। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना हम सभी की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को जनपद की सीमा में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होने दी जाएगी। कांवड़ यात्रा से जुड़े अधिकारी अधीनस्थों के साथ अपने आवंटित क्षेत्र का भ्रमण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके रास्ते में कांवडिय़ों को कोई दिक्कत न हो। साफ-सफाई एवं स्वच्छता का भी निरीक्षण कर लें। इसके लिए अभी से तैयारी पूरी कर लें। उक्त बातें सोमवार को कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में कांवड़ यात्रा तैयारियों को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक लेते हुए जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कहीं। उन्होंने कांवड यात्रा से संबंधित सभी विभागों को निर्देशित किया कि 11 जुलाई तक कांवड़ यात्रा के दौरान अपने-अपने विभाग द्वारा कराये जाने वाले का प्लान एवं तैयारियों की रिपोर्ट एडीएम ई के कार्यालय में उपलब्ध कराएं और अपने प्लान के अनुसार अपना कार्य सुचारू रूप से करेंगे।

टूटी व गड्ढ़ायुक्त सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश
डीएम ने कहा कि कांवड़ मार्गों पर टूटी व गड्ढा युक्त सड़कों को दुरुस्त करते हुए साफ-सुथरी बनाए जाएं ताकि किसी भी कांवड़ यात्री (भोले) के नंगे पैरों में कंकड़ इत्यादि ना चूभें। उन्होंने आरआरटीएस, एनएएचआई, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम सहित अन्य को निर्देशित करते हुए कहा कि वर्षा होने से पूर्व उक्त कार्य को पूरा कर लिया जाए। सड़क पर हो रहे गड्ढों को भरने और नई सड़कों के निर्माण कार्य समय से पूरा कर लिया जाए। जिससे श्रद्धालुओं को कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

विद्युत को विद्युत आपूर्ति व प्रकाश व्यवस्था के निर्देश
डीएम ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर विद्युत आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए, इसके साथ कांवड़ मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था का पूर्ण ध्यान रखा जाये। ढीले बिजली तार को दुरुस्त करने का भी काम शुरू कर दिया जाए। ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान कांवडिय़ों को किसी तरह की परेशानी न हो। विद्युत विभाग कांवड़ मार्ग पर शिविरों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था अभी से सुनिश्चित करें। जिले में सभी शिवालयों की साफ सफाई के साथ पथ प्रकाश व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। कहा कि कांवड मार्ग पर लगने वाले पंडालों सहित अन्य जगह पर जहां कांवडिय़े रूकते हो वहां पर बिजली की तारों की जांच की जाये कि कहीं कोई तार कटा, छिला या खुला हुआ ना हो, जिससे कि कोई अप्रिय घटना घट जाए, इसके लिए जांच टीम गठित की जाएं और यदि कहीं ऐसा पाया जाता है तो उक्त पंडाल संचालकों को सावधान किया जाए और ऐसे तारों पर टेपिंग की जाए।

परिवहन विभाग/रेलवे कर लें यातायात की तैयारियां पूरी
डीएम ने परिवहन विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि गाजियाबाद से हरिद्वार के लिए लगभग 250 बसों की व्यवस्था की जाए जिससे कि श्रद्धालुओं को हरिद्वार पहुंचने में कोई समस्या ना हो। उन्होंने रेल विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार जाने वाली सभी ट्रेनों का विवरण दें जिससे कि उसकी जानकारी भी सार्वजनिक करते हुए श्रद्धालुओं तक पहुंचाई जा सके। जिससे कि उनकी यात्रा सुगम व आरामदायक हो सके।

स्वच्छता व पानी की व्यवस्था के लिए करें बेहतर तैयारी
डीएम ने नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायत के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्गों पर किसी भी प्रकार की गंदगी नहीं होनी चाहिए। कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही उक्त मार्गों का आने वाले नालों की सफाई करवाई जाए साथ ही सड़कों की सफाई करवाई जाए। जहां आवश्यकता हो वहां पेयजल की उपलब्धता करवाई जाए। कांवड़ मार्ग साफ-सुथरा व प्रकाशवान हो ऐसी व्यवस्था की जाए। कांवड़ शिविरों और कांवड़ मार्ग पर सफाई का विशेष ध्यान रखें। कांवड़ यात्रा को पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त किया जाए।

पुलिस विभाग/एआरटीओ को दिए सुरक्षा/ट्रैफिक व्यवस्था के निर्देश
डीएम ने पुलिस विभाग व एआरटीओ को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद होनी चाहिए। कांवड़ यात्रा के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। इसके लिए रूट चार्ट ऐसा बनाया जाए जिससे की कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी ना हो। सुरक्षा के सम्बंध में पुलिस विभाग अपनी पूरी तैयारी रखें। विभिन्न क्षेत्रों में सीसी टीवी कैमरे तथा ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि नहरों की पटरियों पर भी विशेष व्यवस्था होनी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग रहें हरदम तैयार
डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग नियमों के अनुसार पूरे जनपद के कांवड़ मार्ग पर अपनी सेवाएं देने हुए जगह-जगह एम्बुलेंस, स्वास्थ्य कर्मी, डॉक्टर, स्वास्थ्य कैम्प सहित अन्य की तैयारियों पूर्ण करें। किसी कांवडिय़े की आकस्मिक रूप से बीमार होने की दशा पर एंबुलेंस से अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी। जिले में चिकित्सा शिविरों में चिकित्सक उपस्थित रहेंगे तथा सभी जीवन रक्षक दवाइयां पर्याप्त मात्रा उपलब्ध रहेंंगी।

डीएम इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि कांवड यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए दूधेश्वर नाथ मंदिर, एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस सहित अन्य से जो मदद लेने हो उसके लिए उन्हें अवगत कराते हुए उनसे मदद लें। कांवड़ यात्रा में कोई भी अधिकारी यह सोचकर दूसरे विभाग के साथ पत्राचार ना करें कि यह उसका कार्य क्षेत्र है। यदि ऐसी कहीं को समस्या आती है तो संबंधित अधिकारी से समन्वय बनाते हुए पता करें यदि उसके बाद भी समझ ना आए तो हमसे आकर मिलें हम बताइगें की किसका कार्य हैं। इसके साथ ही कंट्रोल स्थापित किए जाए जिनका नम्बर सार्वजनिक किया जाए। इसके साथ ही कांवड मार्गों के आसपास की झाडिय़ां, गुलर के पेड़ आदि को साफ किया जाए। कांवड़ यात्रा से पूर्व हमारा एक ही लक्ष्य है कि कांवड मार्ग साफ, सुंदर और सुरक्षित करना है और कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित व शांतिपूर्वक पूर्ण करना हमारा उद्देश्य है। बैठक में डीसीपी सिटी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह,एडीएम सिटी गंभीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अजय अम्बेष्ठ, एसडीएम अरुण दीक्षित, मोदीनगर एसडीएम पूजा गुप्ता, लोनी एसडीएम निखिल चक्रवर्ती, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, एआरटीओ प्रशासन राहुल श्रीवास्तव, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राम राजा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल आदि अधिकारी उपस्थित हुए।