-नेहरू नगर में नागरिकों को योजनाओं की जानकारी, गरीब, युवा, नारी व किसानों तक पहुंचा संदेश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को महापौर सुनीता दयाल ने नेहरू नगर में घर-घर जाकर सरकारी योजनाओं के पत्रक वितरित किए। उन्होंने कहा कि ये 8 वर्ष गरीबों, युवाओं, अन्नदाताओं और नारियों के लिए समर्पित रहे हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सभी कार्यकर्ताओं की है। महापौर ने वार्ड-96, जीडीए मार्केट ए-ब्लॉक, नेहरू नगर में राजनगर मंडल अध्यक्ष नीरज त्यागी और वार्ड पार्षद अजीत निगम के साथ घर-घर जाकर पत्रक वितरित किए।
इस दौरान उन्होंने बताया कि पत्रक में गरीब कल्याण, रोजगार, सशक्त युवा, समृद्ध प्रदेश, किसान कल्याण और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की पूरी जानकारी दी गई है। महापौर ने कहा कि सरकार की योजनाओं को रेहड़ी-पटरी, ठेला चालक, दुकानदार, गरीब और किसानों तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इसी क्रम में ए-ब्लॉक में रह रहे नागरिकों, दुकानदारों और छोटे व्यापारियों को पत्रक वितरित किए गए। महापौर ने बताया कि प्रदेश सरकार के 8 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिलेभर में पत्रक वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इसमें सभी जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। पार्षद अपने-अपने वार्डों में घर-घर जाकर पत्रक वितरित करेंगे और सरकार की योजनाओं के लाभों की जानकारी देंगे।
















