लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शहर में गूँजा एकता में शक्ति का संदेश

-मोहन नगर से शहीद स्थल तक निकाली गई पदयात्रा में हजारों नागरिक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी हुए शामिल
-नगर निगम की पूरी टीम ने व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए सफाई, जल छिड़काव और झंडों से सजावट सुनिश्चित की
-सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन, शहरभर में राष्ट्रभक्ति और सम्मान का भाव दिखाई दिया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को गाजियाबाद शहर में भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। “एकता में शक्ति” के संदेश के साथ निकली यह पदयात्रा मोहन नगर से शहीद स्थल तक आयोजित की गई, जिसमें हजारों नागरिक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और नगर निगम की टीम ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पदयात्रा की संपूर्ण व्यवस्था गाजियाबाद नगर निगम की जिम्मेदारी थी, जिसने कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए दिन-रात मेहनत की। नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम के सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी पदयात्रा मार्ग पर सक्रिय रहे। मोहन नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क से लेकर शहीद स्थल तक पूरे मार्ग की विशेष सफाई की गई, साथ ही छिड़काव, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार और महाप्रबंधक जल विभाग कामाख्या प्रसाद आनंद ने व्यक्तिगत रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी की। नगर निगम टीम द्वारा पदयात्रा मार्ग पर जल छिड़काव, फूलों से सजावट और झंडों की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति और उत्साह से रंग गया।

पदयात्रा में सांसद, विधायक, पार्षद और अधिकारी भी शामिल हुए। उन्होंने भारत माता के जयघोष के साथ तिरंगा झंडा लहराते हुए यात्रा को आगे बढ़ाया। सरदार पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और उनके अदम्य साहस, संगठन शक्ति और राष्ट्रनिर्माण में योगदान को नमन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों और प्रतिभागियों ने जोरदार जयघोष के साथ सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम सीमा के अंतर्गत सभी जोनों में सरदार पटेल जी की जयंती पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। आंतरिक वार्डों में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता अभियान, पेयजल वितरण, पार्कों की सजावट और सड़क मार्गों की सफाई सुनिश्चित की गई। प्रत्येक जोन प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में व्यवस्थाओं की निगरानी में लगे रहे, जिससे कार्यक्रम को पूर्ण अनुशासन और सफलता मिली।

नगर निगम के प्रयासों से शहरभर में पदयात्रा मार्ग सुरक्षित, स्वच्छ और आकर्षक बना। मार्ग में लगे झंडों, फूलों और सजावट ने नागरिकों में उत्साह और देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल किया। इसके साथ ही नगर निगम की टीम द्वारा प्रतिभागियों के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं। शहरभर में सरदार पटेल जी की जयंती पर श्रद्धा और सम्मान का भाव देखने को मिला। पदयात्रा में नागरिकों की उत्साही भागीदारी, जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति और नगर निगम की पूरी टीम की तत्परता ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बना दिया। यह यात्रा न केवल सरदार पटेल के योगदान को याद करने का अवसर थी, बल्कि शहरवासियों को एकता, अनुशासन और देशभक्ति के संदेश से जोडऩे का भी माध्यम बनी। पदयात्रा के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने सरदार पटेल जी की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया और एकता तथा अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस भव्य आयोजन ने पूरे शहर में राष्ट्रीय एकता के महत्व को जीवंत रूप में दर्शाया और नागरिकों के मन में देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल किया।