ध्वजारोहण के बाद ACEO कपिल सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने गणतंत्र को प्राप्त करने में की गई कुर्बानियों और इसके मायने के बारे में बताया। साथ ही संविधान में वर्णित कर्तव्यों के पालन पर ज़ोर दिया।
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण में 76वें गणतंत्र दिवस पर प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ( ACEO ) कपिल सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद ACEO ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने गणतंत्र को प्राप्त करने में की गई कुर्बानियों और इसके मायने के बारे में बताया। साथ ही संविधान में वर्णित कर्तव्यों के पालन पर ज़ोर दिया। कपिल सिंह ने प्राधिकरण की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए भविष्य की कार्य योजना भी बताई। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के विकास में सभी कर्मचारी और अधिकारियों को पूरी कर्तव्य निष्ठा से काम करना चाहिए यही असली गणतंत्र है।

विशेष कार्यधिकारी ( OSD ) शैलेन्द्र भाटिया ने स्वतंत्रता और गणतंत्र की प्राप्ति के इतिहास की जानकारी दी। 1757 के प्लासी युद्ध से लेकर 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम तक एवं 1857 से 1947 तक के स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न पड़ावों और 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने व इसके विकास क्रम की जानकारी दी। शैलेंद्र भाटिया ने बताया की गत 75 सालों में भारत द्वारा स्वास्थ्य उपलब्धि, खाद्यान्न उपलब्धि, अंतरिक्ष विज्ञान में उपलब्धि, मानव विकास में उपलब्धि, निष्पक्ष चुनाव और सफल जनतंत्र की उपलब्धि, भारतीय सेना की उपलब्धि, कंप्यूटर और डिजिटल में उपलब्धि,भारतीयों की विदेशों में उपलब्धि आदि हमें गर्व करने का अवसर देते है। उन्होंने जेवर एयरपोर्ट की स्थापना से इस क्षेत्र में होने वाले आगामी विकास की भी चर्चा की। विशेष कार्याधिकारी ( OSD ) शैलेन्द्र सिंह ने संविधान निर्माण के इतिहास पर प्रकाश डाला। महाप्रबंधक वित्त विशम्भर बाबू और अन्य अधिकारिओं ने भी विचार व्यक्त किये।
बच्चों ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम
गणतंत्र दिवस अवसर पर स्कूली बच्चों ने देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कपिल सिंह ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों और शिक्षकों को सम्मानित किया।




















