कूड़ा निस्तारण की दिशा में एक और कदम: सिहानी गांव में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोसेसिंग यूनिट का शिलान्यास

– बुधवार को मेयर आशा शर्मा और म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने किया शिलान्यास

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा सिहानी गांव में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोसेसिंग यूनिट के जरिए अब शहर से निकलने वाले कूड़े का बेहतर तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा। बुधवार को महापौर आशा शर्मा एवं म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर यूनिट का शिलान्यास किया। इस मौके पर महापौर ने कहा कि शहर में कूड़े की समस्या का निस्तारण करने के लिए जल्द प्रोसेसिंग यूनिट की शुरूआत की जाएगी। इसके शुरू होने से शहर से निकलने वाले कूड़े का निस्तारण किया जा सकेगा। म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने एसबीएम नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, पार्षद संजीव त्यागी आदि की मौजूदगी में कहा कि प्रोसेसिंग यूनिट का जल्द निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा। शहर के लोगों को कूड़े से निजात मिल सकेगी। इस यूनिट को पूर्णतया योजनाबद्ध तरीके से वैज्ञानिक तकनीकी के तहत बनाया जाएगा ताकि आसपास के लोगों को कूड़े-कचरे की समस्या से निजात मिल सके। यह डंपिंग ग्राउंड नहीं है बल्कि कूड़े का निस्तारण करने के लिए प्रोसेसिंग यूनिट है। कूड़े-कचरे का प्रोसेस करके उपयोग में लाया जाएगा।