‘ऑपरेशन क्लीन स्पिरिट’ से टूटा शराब तस्करों का नेटवर्क, रात की कालाबाजारी पर आबकारी का प्रहार

-लाइसेंसी शराब को बना रखा था अवैध कमाई का जरिया, टीम ने रंगे हाथ दबोचा
-रातभर चला विशेष अभियान, आबकारी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा चलाया जा रहा सख्त अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में विभागीय टीमें दिन ही नहीं बल्कि रात के समय भी सक्रिय रहकर शराब तस्करों पर शिकंजा कस रही हैं। इसी कड़ी में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर रात के समय अवैध रूप से ऊंचे दामों पर बेच रहे थे। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अवैध शराब कारोबार पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार देर रात आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा एवं थाना बीटा-2 पुलिस की संयुक्त टीम ने गामा-2 क्षेत्र में सघन चेकिंग की। इस दौरान गामा-2 के गेट नंबर-3 के पास एक व्यक्ति संदिग्ध स्थिति में अवैध रूप से शराब बेचता हुआ पाया गया।
टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी छात्रपाल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से उत्तर प्रदेश मार्का शिल्पा ब्रांड देशी शराब के 40 पौवे, प्रत्येक 200 मिलीलीटर धारिता के बरामद किए गए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन के समय लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदता था और दुकानें बंद होने के बाद रात में अधिक कीमत पर ग्राहकों को बेचता था। इसी प्रकार गुरुवार देर रात आबकारी निरीक्षक संजय चन्द्र एवं थाना सेक्टर-113 पुलिस की संयुक्त टीम ने एफएनजी रोड क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गुड्डू पुत्र विद्येश्वर निवासी मात्रिका विहार, खोड़ा कॉलोनी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से कैटरीना ब्रांड देशी शराब के 35 पौवे, 200 मिलीलीटर धारिता वाले, बरामद किए गए।
आरोपी भी उसी तरीके से लाइसेंसी शराब खरीदकर अवैध बिक्री कर रहा था। आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार की अवैध बिक्री से न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान होता है बल्कि कानून व्यवस्था और सामाजिक वातावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कई बार देर रात अवैध शराब बिक्री के कारण असामाजिक गतिविधियां भी बढ़ जाती हैं, जिस पर अंकुश लगाने के लिए विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव की अगुवाई में चल रही इस निर्णायक कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है। लगातार रात में की जा रही चेकिंग और संयुक्त कार्रवाई से शराब तस्करों में भय का माहौल बना हुआ है। विभाग की सक्रियता के कारण कई क्षेत्रों में अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगती दिखाई दे रही है। आबकारी विभाग की टीमों द्वारा आधुनिक रणनीति के साथ निगरानी बढ़ाई गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्त, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करना तथा पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों और विशेष अवसरों से पहले अवैध शराब कारोबारियों पर और अधिक सख्ती बरती जाएगी।
जिला आबकारी अधिकारी ने जनपदवासियों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत विभाग को जानकारी दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही अवैध शराब कारोबार को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्यवाही ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, जिससे कानून व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ राजस्व सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।