• नगर आयुक्त ने बैठक कर सदस्यता रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की, एक माह में होगा संचालन शुरू
• उत्तरांचल व पूर्वांचल भवन का अप्रैल में होगा विधिवत संचालन: विक्रमादित्य सिंह मलिक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तरांचल भवन और पूर्वांचल भवन के सफल संचालन को लेकर गाजियाबाद नगर निगम द्वारा अहम कदम उठाया गया है। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में उत्तरांचल एवं पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा सहित समाज के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में उत्तरांचल एवं पूर्वांचल भवन के सुचारू संचालन के लिए एक समिति गठित करने पर चर्चा की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इच्छुक व्यक्तियों को सदस्यता ग्रहण करने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस प्रक्रिया के तहत सदस्यता फॉर्म का वितरण किया गया, जिससे अधिक से अधिक लोग समिति से जुड़ सकें और भवन का संचालन सुचारू रूप से हो सके। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा बनाए गए उत्तरांचल और पूर्वांचल भवन का उपयोग सामाजिक कार्यों और जनहित में किया जाएगा। इसके लिए उत्तरांचल और पूर्वांचल समाज के लोगों को समिति में जोड़ा जाएगा और उनके सहयोग से भवन के संचालन को सुव्यवस्थित किया जाएगा। नगर निगम द्वारा एक माह के भीतर समिति का गठन किया जाएगा, जिसके बाद दोनों भवनों का संचालन औपचारिक रूप से शुरू कर दिया जाएगा। इस कार्य में जनप्रतिनिधियों का विशेष सहयोग भी लिया जाएगा।
नगर निगम द्वारा आयोजित इस बैठक में पुरबिया जन कल्याण परिषद के राष्ट्रीय महासचिव राकेश तिवारी और अध्यक्ष रीता सिंह सहित कई प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहे। पुरबिया जनकल्याण समिति पंचवटी से वीरेंद्र कुमार मिश्रा, उत्तराखंड विकास समिति से सच्चिदानंद शर्मा और अन्य उत्तरांचल व पूर्वांचल समाज के गणमान्य सदस्य भी बैठक में शामिल हुए। नगर निगम द्वारा उत्तरांचल और पूर्वांचल भवनों के बेहतर संचालन के लिए समिति गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एक माह के भीतर समिति का गठन कर भवनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इच्छुक लोग सदस्यता ग्रहण कर इस पहल में भाग ले सकते हैं। नगर निगम की इस पहल से उत्तरांचल और पूर्वांचल समाज के लोगों को एक महत्वपूर्ण मंच मिलेगा, जहां वे अपने सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर सकेंगे।
सदस्यता शुल्क तय, बैंक अकाउंट भी खोला गया
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि नगर निगम के निर्देशानुसार उत्तरांचल और पूर्वांचल भवन समिति की सदस्यता प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए सोसाइटी एक्ट 1860 के तहत रजिस्ट्रेशन फॉर्म वितरित किए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति अपना आधार कार्ड और आवश्यक विवरण के साथ सदस्यता आवेदन कर सकते हैं।
सदस्यता शुल्क निम्न प्रकार से निर्धारित किया गया है:-
• आजीवन सदस्यता: 21,000
• विशेष सदस्यता: 11,000
• सामान्य सदस्यता: 5,100
सदस्यता शुल्क स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई), नवयुग मार्केट, गाजियाबाद की निम्नलिखित बैंक अकाउंट्स में जमा कराई जाएगी।
• पूर्वांचल भवन के लिए: अकाउंट नंबर 43771037614
• उत्तरांचल भवन के लिए: अकाउंट नंबर 43771101412
जो भी व्यक्ति निर्धारित शुल्क जमा कराएगा, वह गाजियाबाद नगर निगम की उत्तरांचल एवं पूर्वांचल भवन सामाजिक समिति का सदस्य बन सकेगा। समिति का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को भवन का लाभ उपलब्ध कराना है।
नगर निगम द्वारा बनाए गए उत्तरांचल तथा पूर्वांचल भवन का सफल संचालन जनहित में सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए उत्तरांचल और पूर्वांचल समाज के लोगों को समिति से जोड़कर कार्य योजना तैयार की जा रही है। एक माह के भीतर समिति का गठन कर भवनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस कार्य में जनप्रतिनिधियों का भी विशेष सहयोग लिया जाएगा ताकि भवनों का उपयोग समाज के हर वर्ग के हित में किया जा सके।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

















