पटरी पर लौटेगी कक्षा-6 से 8 तक की पढ़ाई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों को अनॅलाक करने का ऐलान कर दिया गया है। कक्षा-6 से 8 तक की कक्षाएं 10 फरवरी से शुरू हो जाएंगी। कक्षा-1 से 5 तक की पढ़ाई एक मार्च से आरंभ हो सकेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सर्कुलर जारी कर दिया है। कोविड-19 (कोरोना वायरस) के कारण उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालय लंबे समय से बंद चल रहे हैं। इससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ा है। बेसिक शिक्षा विभाग ने कक्षा-6 से 8 के विद्यालयों को 10 फरवरी से खोलने की घोषणा कर दी है। इसके अलावा कक्षा-1 से 5 तक के स्कूल एक मार्च से खोले जाएंगे। बेसिक शिक्षा विभाग ने कक्षा-6 से 8 तक के स्कूलों को 15 फरवरी से खोलने का प्रस्ताव अपर मुख्य सचिव (बेसिक) रेणुका कुमार और बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी के अनुमोदन के बाद सीएम योगी की अंतिम मंजूरी के लिए भेज था। जबकि इसमें कक्षा-1 से 5 तक के स्कूलों को 1 मार्च से खोलने का भी प्रस्ताव था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंजूरी मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित 1.5 लाख से ज्यादा प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 1 करोड़ 83 लाख से अधिक बच्चें पढ़ते हैं। केंद्र सरकार की गाइड लाइन के अनुसार स्कूलों में कक्षा-6 से 8 तक की पढ़ाई पुन: शुरू कराने पर विचार करने के बाबत सीएम योगी द्वारा ट्वीट कर बताया गया था कि शिक्षा विभाग को स्कूलों में पढ़ाई पुन: आरंभ कराने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि मुख्यमंत्री योगी ने पढ़ाई शुरू करने से पहले कोरोना संक्रमण की स्थिति का आंकलन करने के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा अधिकारी व जिला चिकित्सा अधिकारी की संयुक्त समिति द्वारा प्रत्येक जनपद में इस बाबत पूरी रिपोर्ट तैयार करने का आदेश दिया गया था।
















