प्राथमिक विद्यालय खुर्रमपुर प्रथम में पर्यावरण संरक्षण गोष्ठी का आयोजन

-ग्राम वासियों को पौधे वितरित कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
-पौधों रोपण करके ही पर्यावरण को बना सकते हैं स्वच्छ व संतुलित: विजयपाल बघेल

गाजियाबाद। मुरादनगर के प्राथमिक विद्यालय खुर्रमपुर प्रथम में मंगलवार को पर्यावरण संरक्षण को लेकर गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में ग्राम वासियों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी ने बताया कि समय समय पर विद्यालय में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया जाता है एवं साथ ही ग्राम वासियों को भी पौधे वितरित कर उन्हें संरक्षित करने का संदेश दिया जाता है। इस अवसर पर अतिथि के रूप में भारत के ग्रीन मैन विजयपाल बघेल को भी विद्यालय में आमंत्रित किया गया।

ग्रीन मैन के द्वारा विद्यालय के बच्चों एवं शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न प्रकार के सुझाव दिए एवं पर्यावरण के महत्व से अवगत कराया गया। इसके साथ ही अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने एवं वृक्षों को बचाने की अपील की गई और अपने पर्यावरण को स्वच्छ व हरा भरा रखने की भी प्रेरणा दी गई। इस अवसर पर उनके द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी ग्राम वासियों को पौधे वितरित किए गए एवं उनसे अपील की गई कि वह न केवल उन पौधों का रोपण करें बल्कि उनका संरक्षण भी करें।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी द्वारा ग्रीन मैन विजय पाल बघेल को पौधा भेंट कर एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर सभी ने विद्यालय के प्रांगण में मंत्र उच्चारण के साथ पौधारोपण भी किया गया। विजयपाल बघेल द्वारा बच्चों से पर्यावरण के विषय में अनेकों प्रश्न पूछे गए जिसका बच्चों ने बखूबी उत्तर दिया। जिसकी वहां उपस्थित सभी अभिभावकों व ग्राम वासियों ने काफी सराहना की। विद्यालय के भौतिक एवं शैक्षिक परिवेश की सभी अतिथियों ने भूरी भूरी प्रशंसा की। विजयपाल बघेल ने कहा पौधों का रोपण करके ही पर्यावरण को स्वच्छ व संतुलित किया जा सकता है।

पौधे प्राणवायु प्रदान करते हैं। सभी के लिए पौधारोपण करना और उसे बचाना बेहद जरूरी है। पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाने मे सहयोगी हैं। साथ ही हमें फल, फूल व लकडिय़ां प्रदान करते हैं। इस अवसर पर ग्रीन मैन विजय पाल बघेल, प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी, ग्राम प्रधान विनोद कुमार, शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ अनुज त्यागी, ग्राम पंचायत सदस्य विरेंद्र कुमार, रुचिका जैन,अर्चना यादव, नवीन कुमार, रेणुका ,मंजू वर्मा, अंजू, गीता आदि उपस्थित रहे।