नगर निगम सदन में गूंजा पाकिस्तान मुर्दाबाद, आतंकियों की कायराना हरकत पर महापौर और पार्षदों का खुला विरोध

-एक राष्ट्र-एक चुनाव प्रस्ताव पर सदन में जोरदार बहस, कांग्रेस पार्षद ने जताया विरोध, भारी हंगामा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों द्वारा लेफ्टिनेंट समेत 26 पर्यटकों की नृशंस हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इसी के विरोध में सोमवार को गाजियाबाद नगर निगम के सदन की आकस्मिक बैठक पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों से गूंज उठी। महापौर सुनीता दयाल की अगुवाई में पार्षदों ने आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ खुलकर आक्रोश व्यक्त किया। बैठक की शुरुआत वंदेमातरम गान के साथ हुई, जिसके बाद महापौर ने पहलगाम हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि देने का प्रस्ताव रखा। महापौर सुनीता दयाल से लेकर पार्षदों ने जमकर आतंकियों की कायराना हरकत का विरोध प्रकट करते हुए पाकिस्तान मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए। सदन में पाकिस्तान के खिलाफ सभी ने एकजुट होकर आंतकियों की कायराना हरकत को लेकर आक्रोश दिखाई दिया। दरअसल, सोमावर को महापौर सुनीता दयाल की अध्यक्षता एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की उपस्थिति में सुबह 11 बजे से नगर निगम सदन की आकस्मिक बोर्ड बैठक वंदेमातरम गान के साथ शुरू हुई।

महापौर हालांकि बोर्ड बैठक के शुरू होने से 10 मिनट पहले ही सदन में पहुंच गई थीं। वंदेमातरम गान के बाद महापौर सुनीता दयाल ने सदन में एक राष्ट्र-एक चुनाव के समर्थन का प्रस्ताव पार्षदों के समक्ष रखा। हालांकि आकस्मिक बोर्ड बैठक में 100 पार्षदों में से आधे से कुछ ज्यादा ही महिला व पुरूष पार्षद शामिल हुए। हालांकि महापौर सुनीता दयाल पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में मारे गए मृतकों की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि देने का प्रस्ताव रखने वाली थी। लेकिन भाजपा पार्षद राजीव शर्मा ने कहा कि श्रद्धांजलि देने के बाद कोई प्रस्ताव नहीं रखा जाएगा। इसके बाद एक देश-एक चुनाव का प्रस्ताव रखा गया। इस प्रस्ताव के रखे जाने पर कांग्र्रेस पार्षद अजय शर्मा व एक-दो पार्षदों ने विरोध किया।

पार्षदों ने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव कराए जाने की कवायद की जा रही है तो फिर लोकसभा, विधानसभा, नगर निगम आदि की वोटर लिस्ट भी एक होनी चाहिए। महापौर ने पार्षदों को एक राष्ट्र-एक चुनाव के बारे में विस्तार से बताया। सदन में पार्षदों ने इस प्रस्ताव को लेकर हाथ उठाकर अपनी सहमति जताई। करीब एक घंटे में सदन की आकस्मिक बैठक में एक राष्ट्र-एक चुनाव पर समर्थन व पहलगाम हमले में शहीद हुए मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण कर बोर्ड बैठक का समापन हो गया।

सदन की बैठक में एक राष्ट्र-एक चुनाव पर जमकर हंगामा
नगर निगम सदन की आकस्मिक बोर्ड बैठक में एक राष्ट्र-एक चुनाव को लेकर जमकर हंगामा हो गया। सदन की बैठक में सबसे पहले नगर निगम के अपर नगर आयुक्त एवं सदन सचिव अवनींद्र कुमार ने एक राष्ट्र-एक चुनाव संबंधी प्रस्ताव को पढ़कर सुनाया। महापौर सुनीता दयाल ने सदन में एक राष्ट्र-एक चुनाव के समर्थन में सभी पार्षदों से इस पर समर्थन मांगा। सदन में प्रस्ताव रखे जाने के बाद सिर्फ इकलौते कांग्रेसी पार्षद अजय शर्मा ने इसका जमकर विरोध किया। पार्षद अजय शर्मा ने कहा कि यह नगर निगम चुनाव पर लागू नहीं होता हैं। कांग्रेस पहले से ही संविधान बचाओ को लेकर आंदोलन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा व विधानसभा चुनाव पर यह लागू होता है। वोट भी बदल जाएगी। इस पर भाजपा पार्षद प्रवीण चौधरी,राजीव शर्मा,गौरव सोलंकी,अमित त्यागी,मनोज त्यागी आदि पार्षदों ने सदन में कहा कि बाबा साहेब डॉ.भीमराव आंबेडकर के संविधान में बोलने का अधिकार दिया गया है। देश में एक राष्ट्र-एक चुनाव लोकसभा-विधान सभा से लेकर नगर निगम व नगर पालिका व नगर पंचायत सभी पर लागू होता है।

एक ही मतदाता सूची होगी। महापौर से लेकर अन्य सभी पार्षदों ने एक देश-एक चुनाव का समर्थन किया। सिर्फ कांग्रेस पार्षद अजय शर्मा ने इसका विरोध किया। इस पर हंगामा होने के बाद सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को पास किया गया। महापौर ने कहा कि अकेले पार्षद अजय शर्मा सदन की गरिमा को समाप्त करता है। इसके बाद पूरा सदन भारत माता की जय से गूंज उठा। इसके बाद महापौर ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण रखने का प्रस्ताव रखा गया। इसके बाद महापौर,नगर आयुक्त एवं पार्षदों और सभी अधिकारियों ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।बैठक में इस आतंकी हमले की निंदा की गई। महापौर ने कहा कि पहलगाम में देश का व्यक्तित्व है। वहां पर 200 करोड़ का पर्यटक हुआ। पाकिस्तान ने हमला किया। इसके बाद पूरा सदन  पाकिस्तान मुर्दाबाद-मुर्दाबाद के नारों से गूंज उठा।