गाजियाबाद। मुरादनगर के प्राथमिक विद्यालय खुर्रमपुर प्रथम में शनिवार को शिक्षक अभिभावक गोष्ठी का आयोजन बहुत ही धूमधाम से किया गया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी ने बताया कि इस गोष्ठी की तैयारी बच्चों व शिक्षकों द्वारा पूर्व से ही की जा रही थी। बच्चों द्वारा अभिभावकों को आमंत्रित करने हेतु निमंत्रण कार्ड बनाए गए थे। शिक्षकों व छात्रों द्वारा अभिभावकों का तिलक व बैज लगाकर अभिनंदन किया गया। गोष्ठी की थीम पर्यावरण संरक्षण रखी गई थी।गोष्ठी में विद्यालय की बहुत सारी गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।
जिनमें विद्यालय स्तर पर बच्चों के इको क्लब का गठन किया गया जिनका उत्तरदायित्व वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल भी करना था। इसके अतिरिक्त मीना मंच का गठन किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी साथ ही अभिभावकों ने भी गोष्ठी में विद्यालय से संबंधित अपने अनुभवों को साझा किया। इसके पश्चात एलईडी के माध्यम से विद्यालय में कराए गए आयोजनों एवं गतिविधियों को चलचित्र के माध्यम से दिखाया गया। विद्यालय के सभी कक्षा कक्षों को शिक्षकों द्वारा शिक्षण अधिगम सामग्री से सजाया गया था जिनका अवलोकन कर अभिभावकों ने उनकी काफी प्रशंसा की।
इसके अतिरिक्त एक पौधा मां के नाम मुहिम के अंतर्गत सभी अभिभावकों ने बच्चों के साथ विद्यालय में एक-एक पौधा लगाया और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली। इसके अतिरिक्त बच्चों की शैक्षिक प्रगति पर परिचर्चा करने के पश्चात बच्चों को निपुण बनाने के लिए शिक्षकों एवं अभिभावकों द्वारा शपथ ली गई। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी ,रुचिका जैन, रेणुका ,उज्जवल ,अर्चना यादव,अंजू ,गीता ,पूनम, अनु, प्रीति, पिंकी आदि उपस्थित रहे।

















