-क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल और पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल रहे कई आयोजनों के मुख्य अतिथि, बच्चों की देशभक्ति और धार्मिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कौशांबी और वैशाली क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। तिरंगे की शान और देशभक्ति की उमंग से सजे इन आयोजनों में क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल और पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर कौशांबी सेंट्रल पार्क में पप्पू चौपाल, केपी ग्रुप, ताली ग्रुप, करवा, कौशांबी योगा ग्रुप और जयपुरिया एनक्लेव सोसायटी के संयुक्त प्रयास से कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके अलावा कौशांबी प्लॉट एरिया, कौशांबी ए ब्लॉक, कौशांबी कैलाश त्रिशूल टॉवर में भी धूमधाम से आयोजन किए गए। वैशाली में सेक्टर-1 गढ़वाल समाज, सेक्टर-1 साउथ और सेक्टर-1 प्लॉट एरिया ने मिलकर शानदार कार्यक्रमों की मेजबानी की।
बच्चों की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र
हर आयोजन में बच्चों ने रंगारंग देशभक्ति और धार्मिक प्रस्तुतियां दीं। कहीं ‘वन्दे मातरम्’ और ‘जय हो भारत माता’ जैसे गीतों पर जोशीले नृत्य हुए, तो कहीं भगवान कृष्ण की लीलाओं पर आधारित नाटक ने दर्शकों का मन मोह लिया। तिरंगे की थीम पर सजाए गए मंच और झांकियों ने वातावरण को भव्य और भावनात्मक बना दिया।
स्थानीय लोगों की उमंग और सहभागिता
इन कार्यक्रमों में क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। हर आयु वर्ग के लोग – बच्चे, युवा, बुजुर्ग – सभी ने तिरंगे के सम्मान में हिस्सा लिया। देशभक्ति के गीतों और नारों से कौशांबी और वैशाली का हर कोना गूंज उठा। पार्षद कुसुम गोयल ने कहा कि 15 अगस्त केवल आज़ादी का पर्व नहीं, बल्कि यह हमारे एकजुट होने और देश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लेने का दिन है। कौशांबी और वैशाली की जनता ने जिस उत्साह और सामूहिकता से यह आयोजन किए हैं, वह वाकई प्रेरणादायक है।
पूर्व पाषर्द एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि आजादी हमें बहुत कठिन संघर्ष और बलिदानों के बाद मिली है। इसे बनाए रखना और देश को आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है। बच्चों की प्रस्तुतियों में जो देशप्रेम और संस्कार दिखा, वह हमारे उज्ज्वल भविष्य की निशानी है। अंत में सभी आयोजनों का समापन राष्ट्रगान और ‘भारत माता की जय’, ‘वन्दे मातरम्’ के नारों के साथ हुआ। तिरंगे की शान और लोगों के उत्साह ने 79वें स्वतंत्रता दिवस को यादगार बना दिया।


















