विजय मिश्रा
नई दिल्ली। हर वर्ष की तरह इस बार भी दिवाली और छठ पूजा के त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने विशेष तैयारी की है। इस साल उत्तर रेलवे ने 3144 फेरे त्योहार विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है, जो पिछले साल की तुलना में अधिक हैं। इसके अलावा दिल्ली के सभी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था में वृद्धि की गई है। शुक्रवार को उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने हाल में एक प्रेस वार्ता में बताया कि इस वर्ष उत्तर रेलवे दिल्ली क्षेत्र से 26 अक्टूबर से 7 नवंबर तक 13 दिन लगातार 65 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा, जिससे यात्रियों की यात्रा के दौरान सुख-सुविधा में इजाफा होगा।
इन 13 दिनों में ये ट्रेनें कुल 195 फेरे लगाते हुए लगभग 1 लाख 20 हजार अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध कराएगी। पिछले साल की तुलना में जब 59 विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं, इस बार यात्रियों की संख्या और बर्थ की उपलब्धता दोनों में बढ़ोतरी होने जा रही है। महाप्रबंधक वर्मा ने बताया कि 1 अक्टूबर से लेकर 30 अक्टूबर तक अब तक 3144 स्पेशल ट्रेनों के फेरे की घोषणा की जा चुकी है, जिसमें से 85 प्रतिशत ट्रेनों की दिशा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम की ओर होगी।
त्योहारों पर विशेष ट्रेनों का संचालन
इन विशेष ट्रेनों के संचालन के साथ-साथ दिल्ली जंक्शन, नई दिल्ली, और आनंद विहार टर्मिनल जैसे प्रमुख गंतव्यों को पटना, दानापुर, मुजफ्फरपुर, और वाराणसी जैसे शहरों से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा इस अवधि में कुल 49 अतिरिक्त कोच भी प्रमुख रेलगाडिय़ों में जोड़े जाएंगे, जिससे यात्रियों की सुविधाओं में और वृद्धि होगी। इस बार कुल 1,70,434 अतिरिक्त बर्थ की व्यवस्था की जाएगी, जो पिछले वर्ष 1,48,750 बर्थ से अधिक होगी।
भीड़ प्रबंधन के लिए दिल्ली रेलवे स्टेशनों पर विशेष इंतजाम
उत्तर रेलवे ने दिवाली और छठ पूजा के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 16 पर पहली बार अनारक्षित यात्रियों के सुगम एवं सुरक्षित प्रवेश के लिए, कतार में लगने के लिए अलग प्लेटफार्म प्रवेश द्वार का निर्माण किया गया है। इसके अलावा, नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सभी विभागों के नामित कर्मचारियों द्वारा संचालित एक सुसज्जित मिनी-नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। अनारक्षित डिब्बों में व्यवस्थित प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ और वाणिज्यिक कर्मचारियों द्वारा प्रमुख स्थानों पर यात्रियों की कतार को नियंत्रित किया जाएगा। यह उपाय यह सुनिश्चित करेगा कि यात्रियों को बिना किसी कठिनाई के ट्रेन में चढऩे का अवसर मिले।
प्लेटफार्म संख्या 16 बेहतर प्रवेश द्वार
पहली बार अनारक्षित यात्रियों के सुव्यवस्थित और सुरक्षित प्रवेश के लिए प्लेटफार्म संख्या 16 पर एक नया प्रवेश द्वार बनाया गया है। यह प्रवेश द्वार यात्रियों को बिना किसी कठिनाई के कतार में लगने की सुविधा प्रदान करेगा, जिससे भीड़भाड़ कम होगी और यात्री आसानी से प्लेटफार्म पर पहुंच सकेंगे।
मिनी-नियंत्रण कक्ष की स्थापना
नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सभी विभागों के नामित कर्मचारियों द्वारा संचालित एक सुसज्जित मिनी-नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। इससे अभियंता, सुरक्षा अधिकारी और अन्य कर्मचारी सक्रिय रूप से स्थिति पर नजर रख सकेंगे और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई कर सकेंगे।
सुरक्षा के साथ मदद के लिए विशेष ड्यूटी अधिकारी की तैनाती
व्यस्ततम अवधि के दौरान नई दिल्ली, दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल स्टेशनों पर विशेष ड्यूटी अधिकारी (एसडीओ) की तैनाती की जाएगी। यह अधिकारी भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने के लिए मौजूद रहेंगे। नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनस और दिल्ली जंक्शन में अतिरिक्त 126 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। बेहतर संचार के लिए कर्मचारियों को अतिरिक्त 100 वाकी-टॉकी, 100 लाउड हेलर, 5 वीएचएफ सेट उपलब्ध कराए जाएंगे। कर्मचारियों को अतिरिक्त 1500 चमकदार जैकेट उपलब्ध कराए जाएंगे। बम निरोधक दस्ते, यातायात व्यवस्था के लिए दिल्ली पुलिस के संबंधित डीसीपी के साथ समन्वय किया जा रहा है।

















