नगर निगम के अभियान से स्वच्छता के प्रति जागरूक हो रहे शहर के लोग

-अवैध अतिक्रमण अभियान को लेकर नगर आयुक्त से मिले शास्त्री नगर आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी
-नालियों पर बने रैम्प को हटाने के लिए निगम चलाये अभियान तभी होगा गंदगी की समस्या का समाधान

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा चल रहे स्वच्छता को लेकर जागरुकता अभियान का असर अब लोगों में दिखने लगा है। नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों से प्रेरित होकर खुद अब अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए कहने लगे है। बुधवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से कवि नगर, शास्त्री नगर, गोविंदपुरम के क्षेत्रीय निवासी एवं आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने मुलाकात करते हुए क्षेत्र में संयुक्त रूप से अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने के लिए अपना विषय रखा। साथ ही उन्होंने कहा नगर निगम की कार्रवाई में हम सभी भी सहयोग करेंगे। इस दौरान सभी ने नगर आयुक्त को सहयोग पत्र सौंपा। शास्त्री नगर अंतर्गत आने वाले कॉलोनी में नालियों के ऊपर जो रैंप बने हैं उनको भी तोड़ने के लिए अपना विषय रखा गया।

साथ ही नालों की सफाई के दौरान अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए भी कहा गया। जिस पर नगर आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार को और मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी को संयुक्त रूप से टीम बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। नालों के साथ-साथ नालियों की सफाई भी करने के लिए कहा गया। नियम अनुसार आवश्यकता को देखते हुए घरों के आगे बने हुए बड़े-बड़े रैंप को हटाने के भी निर्देश दिए। नगर आयुक्त के नेतृत्व में नगर निगम लगातार स्वच्छता को लेकर जन जागरूकता अभियान चला रहा है। गोविंदपुरम एवं शास्त्री नगर के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी स्वच्छता की लहर दिखाई दे रही है। कई स्थानों पर नालों की सफाई होने के लिए स्वयं ही अपने रैंप को हटाया गया।

जिसमें राजेंद्र नगर और लाजपत नगर में भी कार्यवाही हो रही है। नगर आयुक्त ने बताया स्वच्छता अभियान को लेकर लगातार जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिससे लोग खुद भी सफाई के प्रति जागरूक हो सकें। शहर की सफाई से शहर वासियों को ही लाभ होगा और स्वच्छ शहर स्वस्थ नागरिक का नारा घर-घर तक पहुंच रहा है। नगर आयुक्त द्वारा शहर वासियों से स्वच्छता में सहयोग की अपील की गई। कचरा पृथक्करण के लिए शहर वासियों को मोटिवेट किया जा रहा है। सफाई अपनाओ बीमारी भगाओ की बैनर तले लगातार अभियान चल रहा है। जिसमें जनप्रतिनिधियों का सहयोग भी मिल रहा है जो की सराहनीय है। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अवनेंद्र कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।