लोगों ने किया ब्रज विहार डी ब्लॉक में साप्ताहिक पैठ बाजार का विरोध

-सामूहिक बैठक में स्थानीय निवासियों ने सर्वसम्मति से बाजार बंद करने का लिया निर्णय

गाजियाबाद। ब्रज विहार डी ब्लॉक के निवासियों पैठ बाजार के विरोध में डी ब्लॉक स्थित नंदा देवी एवं छठ पूजा पार्क में रविवार को एक सामूहिक बैठक आयोजित की। इस बैठक में लगभग डेढ़ सौ स्थानीय लोगों ने भाग लिया, जिसमें से 70 प्रतिशत से अधिक लोगों ने यह मत व्यक्त किया कि डी ब्लॉक में अब से साप्ताहिक पैठ बाजार नहीं लगना चाहिए। बैठक में कुछ लोगों ने सुझाव दिया कि बाजार का आयोजन हफ्तेवार घुमाकर विभिन्न ब्लॉकों जैसे बी ब्लॉक, सी ब्लॉक और राधा कुंज में किया जाए, जबकि कुछ लोगों ने रामप्रस्थ और सूर्य नगर क्षेत्रों में भी बाजार लगाने का प्रस्ताव रखा। बैठक में स्थानीय निवासियों ने बताया कि बाजार से उन्हें काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से मंगलवार रात से बाजार के लिए आने वाले ठेले वालों और विक्रेताओं के कारण शोर-शराबा और गंदगी फैलने की समस्या होती है। बाजार के दौरान और उसके बाद सड़कों पर गंदगी और पॉलिथीन बिखरी रहती हैं, जिससे दो-तीन दिनों तक रोड पर चलना मुश्किल हो जाता है।

इसके अलावा, यदि बुधवार के दिन किसी घर में चिकित्सा आपात स्थिति उत्पन्न हो जाए, तो एम्बुलेंस भी क्षेत्र में नहीं पहुंच सकती है, क्योंकि सड़कें बंद हो जाती हैं। निवासियों ने बताया कि पहले इस बाजार में केवल स्थानीय दुकानदार आते थे, लेकिन अब सीमापुरी, शहीद नगर, और खोड़ा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से भी विक्रेता आने लगे हैं, जिससे बाजार का आकार अब डी ब्लॉक से सी ब्लॉक तक फैल चुका है। इस बाजार के कारण तीन दिन तक सड़कें अवरुद्ध रहती हैं और गंदगी का अंबार लगा रहता है, जिससे लोगों को भारी असुविधा होती है। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि या तो इस बाजार को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा या इसे सभी ब्लॉकों में बारी-बारी से लगाने की अनुमति दी जाएगी। डी ब्लॉक में तभी बाजार लगेगा, जब इसे अन्य ब्लॉकों में भी लगाया जाएगा। इसके अलावा, बाल भारती स्कूल के पीछे स्थित कूड़ा घर, जिसे पहले हटवाया गया था, वहां अब दोबारा कूड़ा नहीं डालने दिया जाएगा।

डी ब्लॉक के निवासियों ने क्षेत्र को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने का संकल्प लिया है। यह बैठक डी ब्लॉक के निवासियों के द्वारा आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय समस्याओं और उनके समाधानों पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अपने क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। बैठक में मंडल अध्यक्ष सुधीर त्यागी, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अजय त्यागी, पूर्व पार्षद पूनम त्यागी, भाजपा महानगर मीडिया सह संयोजक अशोक पांडे, मंडल मंत्री सुशील सिंह, विनोद पंत, अंबिका प्रसाद मौर्य, सरोज ठाकुर, प्रकाश सिंह, सुनील पवार, सुरेश पाल सिंह, कुंदन सिंह मेहता, उमेश चंद्र सक्सेना, सज्जन अली, राहुल सिंह समस्त डी ब्लॉक के निवासी उपस्थित रहे।