गाजियाबाद में 1 जनवरी के बाद कभी भी लोगों को लगने लगेंगे कोरोना वैक्सीन, सेंथिल सी पांडियन ने कहा तैयारियां है पूरी

कोरोना वैक्सीन के स्टोर का निरीक्षण, कोरोना वैक्सीन के रखरखाव का रखें ध्यान

गौशाला की चाक चौबन्द व्यवस्थाओं की नोडल अधिकारी ने की सराहना

गाजियाबाद। जनपद में कोविड-19 टीकाकरण की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं और कोरोना महामारी पर लगाम लगाने की तैयारियों के बीच राहत भरी खबर आ रही है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि टीकाकरण के लिए स्थानीय स्तर पर लगभग तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 31 दिसंबर तक हम इस स्थिति में होंगे कि निर्देश मिलने पर एक जनवरी से भी इसकी शुरुआत की जा सकती है। कोरोना की वैक्सीन की कोल्ड चेन बरकरार रखना जरूरी होगा। सोमवार को जनपद के नोडल अधिकारी सेंथिल पांडियन सी ने जिला मुख्यालय के महात्मा गांधी सभागार में बैठक की।

चिकित्सा विभाग को जरूरी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन हेतु चिकित्सा विभाग विशेष सावधानी बरते। वैक्सीन को आईएलआर एवं डीप फीजरों में रखने में सतर्कता बरती जाए। विकास भवन स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम में कोविड-19 कंट्रोल रूम की स्थापना की जानी चाहिए। बैठक के बाद नोडल अधिकारी सेंथियल ने जिला एमएमजी जिला अस्पताल स्थित डिस्ट्रिक्ट वैक्सीन स्टोर एवं कोल्ड चेन का निरीक्षण किया। वहां कोविड-19 वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली। नोडल अधिकारी ने वैक्सीन के रखरखाव में विशेष ध्यान रखने और इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम में ही कोविड-19 कंट्रोल रूम की स्थापना कराने के निर्देश दिए हैं।

बैठक के बाद नोडल अधिकारी जिला वैक्सीन स्टोर एवं कोल्ड चेन का निरीक्षण करने के लिए एमएमजी अस्पताल पहुंचे। जहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को कोरोना वैक्सीन को लेकर सावधानी बरतने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में एक जिला स्तरीय वैक्सीन स्टोर एवं 29 ब्लॉक स्तरीय कोल्ड चेन प्वाइंट स्थापित किए गए हैं।

वहां रेनोवेशन का काम जल्द पूरा करा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानकों का गहनता से अध्ययन करने के बाद संबंधित अधिकारियों, चिकित्सकों, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ एवं कोल्ड चेन के कर्मियों को अलग से प्रशिक्षण दिलाते हुए उन्हें वैक्सीन के रख-रखाव के संबंध में पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने सेक्टर 23 संजयनगर स्थित ब्लॉक स्तरीय कोल्ड चेन प्वाइंट का निरीक्षण कर वहां डीप फ्रीजर में रखी जाने वाली कोविड वैक्सीन के संबंध में जानकारी की। उन्होंने बताया कि वैक्सीन को 225 लीटर क्षमता के फ्रिज में निर्धारित तापमान में सुरक्षित रखा जाएगा। सभी कोल्ड चेन प्वाइंट में आई.एल.आर दिए गए हैं। सरकार से 29 अतिरिक्त आई.एल.आर. वैक्सीन के संरक्षण के लिए मिलेंगे।
नंदी पार्क व गौशाला का किया निरीक्षण
गौशाला का जनपद के नोडल अधिकारी सेंथिल पांडियान सी, जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, एडीएम प्रशासन संतोष कुमार वैश्य व म्युसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने सिटी जोन में नंदी पार्क व गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान म्युसिपल कमिश्रर ने गौशाला में गोवंश को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी।

गौशाला में लगभग 1500 गोवंश हैं तथा उनके रहन-सहन व खान-पान की जिम्मेदारी नगर निगम निभा रहा है। शरद ऋतु में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गाजियाबाद नगर निगम द्वारा गोवंश हेतु तिरपाल व अलाव की व्यवस्था कराई गई है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा गोवंश सतत विकास हेतु योजना बनाई गई ताकि गोवंश की और अधिक संख्या बढऩे पर उनके लिए उचित स्थान तथा अन्य सुविधाएं बढ़ाई जा सकें।म्युसिपल कमिश्रर ने गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने की रूपरेखा भी नोडल अधिकारी के सामने रखी।

नोडल अधिकारी ने गौशाला की चाक चौबन्द व्यवस्थाओं की सराहना की। साफ सफाई व इंतजामातों की तारीफ की। व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए म्युसिपल कमिश्रर की सराहना की। नोडल अधिकारी ने गायों को गुड़ भी खिलाए। निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मिथलेश कुमार,पशु चिकित्सा एंव कल्याण अधिकारी डॉ.अनुज कुमार सिंह, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, अपर नगर आयुक्त आरएन पांडेय भी मौजूद रहे।