-सिटी जोन में 166 मीटर नई सीवर लाइन डालने का कार्य प्रारंभ, महापौर और नगर आयुक्त को निवासियों ने कहा धन्यवाद
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि नागरिकों की दशकों पुरानी समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए वह पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। सिटी जोन के चार वार्डों वार्ड संख्या 39, 52, 22 और 88 की लगभग 50 साल पुरानी सीवर समस्या का स्थाई समाधान निकालते हुए 166 मीटर लंबी नई सीवर लाइन डालने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस ऐतिहासिक पहल की शुरुआत वार्ड संख्या 39 के पार्षद उदित मोहन और वार्ड संख्या 52 के पार्षद अभिषेक चौधरी ने क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति में कराई।
सीवर लाइन के इस कार्य की शुरुआत पर क्षेत्रीय निवासियों ने गाजियाबाद नगर निगम की महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का विशेष धन्यवाद प्रकट किया। लोगों ने कहा कि दशकों से चली आ रही जटिल समस्या का स्थाई समाधान अब जाकर संभव हो सका है।
इस दिशा में नगर निगम का यह कदम सराहनीय और ऐतिहासिक है। वार्डों के पार्षदों ने बताया कि इस क्षेत्र में सीवर लाइन बेहद जर्जर हालत में थी। बरसात के दिनों में मैनहोल ओवरफ्लो की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती थी। जलभराव और गंदगी से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पार्षदों ने मिलकर वी ए टेक वेबग लिमिटेड की टीम और नगर निगम अधिकारियों से बैठकें कीं और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए।
पार्षद उदित मोहन ने कहा कि लगभग 50 वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थाई समाधान नगर निगम की दूरदर्शिता और सक्रियता के चलते संभव हो सका है। वहीं पार्षद अभिषेक चौधरी ने बताया कि इस समस्या को हल करने के लिए वार्ड प्रतिनिधियों ने कई बार संयुक्त रूप से नगर निगम के उच्चाधिकारियों से वार्ता की। अंतत: महापौर और नगर आयुक्त ने संज्ञान लेकर जलकल विभाग को विशेष निर्देश दिए और कार्य की शुरुआत कराई। नई सीवर लाइन डालने का कार्य जीटी रोड, कमला क्वार्टर, छज्जू क्वार्टर, कोटगांव, न्यू कोटगांव, पंचवटी, दौलतपुरा, राकेश मार्ग, मॉडल टाउन समेत आसपास के कई इलाकों से होकर गुजरेगा। इन क्षेत्रों के निवासियों को लंबे समय से जिस समस्या का सामना करना पड़ रहा था, उसका अब स्थाई समाधान हो जाएगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जलकल विभाग की टीम को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्य की गति तेज रखी जाए और मॉनिटरिंग में कोई ढिलाई न हो।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए निगम प्रतिबद्ध है और हर स्तर पर पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम किया जा रहा है। महाप्रबंधक जल, कामाख्या प्रसाद आनंद ने जानकारी दी कि कार्य को अंजाम देने वाली वी ए टेक वेबग लिमिटेड को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि सभी कर्मचारी पूर्ण सुरक्षा उपकरणों के साथ काम करें। इसी प्रकार शहर के अन्य इलाकों में भी जहां गंभीर समस्याएँ हैं, वहाँ नई सीवर लाइन डालने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। कार्य की शुरुआत होते ही क्षेत्रीय निवासियों के चेहरे पर संतोष और खुशी झलकने लगी। नागरिकों ने कहा कि लंबे समय से उठाई जा रही आवाज़ों को अब जाकर राहत मिली है। यह कार्य न केवल स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा बल्कि क्षेत्र में स्वस्थ वातावरण और बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित करेगा।
















