जनपद के 148 ग्रामों में पाइप पेयजल होगी निर्मित: अभिनव गोपाल

  • कार्य की प्रगति बढ़ाकर निर्धारित समय अवधि में योजनाओं को करें पूरा
  • सीडीओ ने ग्राम प्रधानों से ली कार्य की प्रगति व गुणवत्ता की जानकारी

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत जनपद के 148 ग्रामों में पाइप पेयजल निर्मित होनी है। शुक्रवार को विकास भवन दुर्गावती देवी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव,जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता भारत भूषण,खंड विकास अधिकारी भोजपुर पीयूष राय,रजापुर खंड विकास अधिकारी डॉ.आदेश कुमार, लोनी खंड विकास अधिकारी विनी यादव,खंड विकास अधिकारी मुरादनगर सुधीर कुमार एवं ग्राम पंचायतों के ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान बंदीपुर, सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता जल निगम (ग्रामीण), कार्यदायी फर्म मैसर्स एलसी इन्फ्रा टीसीएल (जेेवी) अहमदाबाद के प्रोजैक्ट मैनेजर, डीपीएमयू टीम तथा टीपीआई टीम आदि के साथ जल जीवन मिशन योजना की समीक्षा बैठक की। सीडीओ ने कहा कि जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप पेयजल योजना के माध्यम से प्रत्येक घर में पेयजल कनेक्शन देकर जल आपूर्ति की जानी प्रस्तावित है।

जनपद में जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत 148 ग्रामों में पाइप पेयजल निर्मित की जानी है। जिनमें से पूर्व में 148 ग्रामों की 128 डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन,लखनऊ द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा चुकी हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने जल जीवन मिशन के कार्य कर रही फर्म मैसर्स एलसी इन्फ्रा टीसीएल (जेवी) अहमदाबाद द्वारा निर्मित की जा रही योजनाओं की प्रगति की विस्तृृत समीक्षा की गई। बैठक में जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभिंयता ने अवगत कराया कि वर्तमान में समस्त 148 ग्रामों के लिए 128 नग पाईप पेयजल योजनाओं की स्वीकृति शासन द्वारा प्रदान की जा चुकी हैं। फर्म के प्रतिनिधि ने बताया कि समस्त 128 योजनाओं के सापेक्ष समस्त 128 योजनाओं के कार्य प्रगति पर हैं। समस्त 128 नग नलकूप, 85 नग ओवर हैड टैंक का कार्य पूर्ण हो चुका है। 40 नग ओवरहैड टैंक का कार्य प्रगति पर है। 90 नग पंप हाउस का कार्य पूर्ण है। जबकि 95 नग बाउंड्री वॉल का कार्य पूर्ण है। बाकी कार्य प्रगति पर हैं।

गांवों में लगभग 80 हजार हाउस कनेक्शन कराए जा चुके हैं। बैठक में विशेष रूप से 45 ग्रामों के कार्यों की समीक्षा की गई। जिनमें से 13 ग्रामों के लिए खंड विकास अधिकारियों को अपने स्तर से भी जल निगम के अभियंताओं के साथ ग्राम में जा कर कार्यों का निरीक्षण करते हुए हर घर जल प्रमाणीकरण कराने तथा साथ ही योजनाओं के रखरखाव के लिए त्रिपक्षीय अनुबंध गठित कराने के लिए जल निगम ग्रामीण के अभियंताओं से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा 10 ग्रामों के छोटे-छोटे अवशेष कार्य पूर्ण कराकर उक्त ग्रामों में भी 25 फरवरी तक जांच करते हुए हर घर जल प्रमाणीकरण तथा रखरखाव हेतु त्रिपक्षीय अनुबंध की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने ग्राम प्रधान बंदीपुर मुरादनगर के योगेश कुमार से ग्राम बंदीपुर में जल जीवन मिशन के कार्यों की जानकारी ली गई। ग्राम प्रधान ने बताया कि ग्राम बंदीपुर में अच्छा कार्य हुआ हैं।

सड़कों की मरम्मत भी उचित प्रकार से की गई है। इससे ग्रामीण संतुष्ट हैं। सीडीओ ने मैसर्स एलसी इन्फ्रा टीसीएल (जेवी) अहमदाबाद के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि खंड विकास अधिकारियों, ग्राम प्रधानों एवं ग्रामवासियों के साथ समन्वय बनाते हुए समस्त कार्य उचित गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराकर योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। सीडीओ ने जल निगम ग्रामीण के अभियंताओं,शासन से नामित थर्ड पार्टी एजेंसी आरवी एसोसिएट, मेधज डीपीएमयू टीम के सदस्यों को निरंतर योजनाओं के कार्यों का निरीक्षण करते हुए समस्त कार्य उचित गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कार्य की प्रगति बढ़ाकर सभी ग्रामों में निर्धारित समय अवधि में योजनाओं को पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसलिए पूर्ण गुणवत्ता से कार्यों को संपन्न कराया जाएं।