-जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने पौधारोपण कर किया मुहिम का शुभारंभ, पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की। गुरुवार को जीडीए कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर इस वर्ष के हरित अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान की अगुवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने की, जिन्होंने स्वयं पौधा रोपित कर इस कार्य का आरंभ किया। उनके साथ जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, ओएसडी कनिका कौशिक, चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधारोपण में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण की रक्षा और संरक्षण की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक पर्यावरण, जिसमें वन, झीलें, नदियाँ और वन्य जीव शामिल हैं, हमारी धरोहर हैं और इनकी रक्षा करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने यह भी कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि वे हमें एक स्वस्थ जीवन जीने का आधार प्रदान करते हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उपाध्यक्ष ने बताया कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 81,400 पौधे रोपित करने का लक्ष्य लेकर चल रहा था, जिसे अब बढ़ाकर 82,000 पौधों तक ले जाया गया है। ये पौधे शहर के विभिन्न हिस्सों में, विशेषकर सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, सड़क किनारे और रिहायशी इलाकों में लगाए जाएंगे। इस महाअभियान के माध्यम से त्रष्ठ्र शहर को अधिक हरा-भरा, स्वच्छ और पर्यावरणीय दृष्टि से संतुलित बनाने की दिशा में अग्रसर है।
इस मौके पर उपाध्यक्ष ने यह भी बताया कि जीडीए केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापक स्तर पर पर्यावरण सुधार की योजनाएं भी लागू कर रहा है। इनमें भूजल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का प्रसार, प्राकृतिक झीलों का पुनर्जीवन, वन्य जीवों की सुरक्षा, वृक्षों की अवैध कटाई पर रोक और निर्माण स्थलों पर धूल व ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने जैसे कदम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी पहलों का उद्देश्य गाजियाबाद को एक पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ शहर के रूप में विकसित करना है। कार्यक्रम का समापन एक सकारात्मक ऊर्जा और हरियाली के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित जनसमूह ने पौधारोपण कर वातावरण को शुद्ध करने की इस मुहिम में अपने योगदान का संकल्प लिया।
हरियाली के संकल्प के साथ जीडीए का 82,000 पौधों का मिशन
जीडीए ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 81,400 पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे और आगे बढ़ाते हुए अब 82,000 पौधों के रोपण का संकल्प लिया गया है। यह पौधे शहरभर में सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, सड़क किनारों और आवासीय क्षेत्रों में लगाए जाएंगे। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने इस अवसर पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक पर्यावरण जिसमें वन, नदी, झील, और वन्य जीव शामिल हैं, उसकी रक्षा करना और संवर्धन करना हमारा नैतिक कर्तव्य है। वृक्षारोपण न केवल प्रदूषण रोकने का साधन है, बल्कि यह जीवनदायिनी ऑक्सीजन देने वाला सबसे बड़ा माध्यम भी है।
हर नागरिक को बनना होगा हरियाली का वाहक: अतुल वत्स
जीडीए उपाध्यक्ष ने शहरवासियों से अपील की कि प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा केवल संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। हमें मिलकर ऐसा गाजियाबाद बनाना है, जो हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त हो।

















