-नगर निगम 1 जुलाई से बांटेगा नि:शुल्क पौधे, 1.45 लाख पौधों का लक्ष्य
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की फिजाओं को स्वच्छ और हरियाली से भरपूर बनाने की दिशा में नगर निगम गाजियाबाद ने एक बड़ा कदम उठाया है। 1 जुलाई से शुरू होने वाले पर्यावरण जागरूकता अभियान के तहत नगर निगम आम जनता, सामाजिक व व्यापारिक संगठनों को नि:शुल्क पौधे वितरित करेगा। साथ ही हर वार्ड, पार्क और हिंडन नदी के किनारों पर बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। अभियान की कमान संभाल रहे उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान में करीब 1.45 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें विजयनगर क्षेत्र की आर्मी भूमि पर 50,000 पौधे रोपित किए जाएंगे। इसके लिए गड्ढे खुदवाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो चुका है।
नगर निगम का उद्देश्य न सिर्फ पौधे लगाना है, बल्कि उनकी देखभाल को लेकर भी लोगों को जिम्मेदार बनाना है। पार्षदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पर्यावरण प्रेमी संस्थाओं को अभियान में जोड़कर पूरे शहर को हरा-भरा करने की योजना है। डॉ. सिंह ने अपील की है कि लोग केवल पौधे लगाकर न छोड़ें, बल्कि उन्हें संरक्षित भी करें, ताकि भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके। गाजियाबाद अब सिर्फ ईंट और कंक्रीट का जंगल नहीं रहेगा, बल्कि हरियाली की ओर बढ़ते कदमों के साथ शहर में सांस लेना और भी सुकूनभरा होगा।















