16वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन आयोजित
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। यह 16वां सम्मेलन आयोजित किया गया था। सम्मेलन में दुनिया के कोने-कोने से प्रवासी भारतीयों ने ऑनलाइन शिरकत की। सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने प्रवासी भारतीयों के देश के प्रति प्रेम, समर्पण और सहयोग की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विदेश में रहकर भी भारत की मिट्टी से जुड़े रहने और भारत की सहायता करने के लिए वह प्रवासी भारतीयों का आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी साथियों को प्रतिवर्ष प्रवासी भारतीय सम्मान देने की परंपरा है। अटल बिहारी वाजपेयी के मार्गदर्शन में आरंभ हुई इस यात्रा के तहत अब तक 60 अलग-अलग देशों में निवासरत करीब 240 नागरिकों को यह सम्मान दिया गया है। इस बार भी इसकी घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि दुनियाभर से बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीयों ने भारत को जानिए क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है। यह संख्या बताती है कि जड़ से बेशक दूर हो जाएं, मगर नई पीढ़ी का जुड़ाव उतना ही बढ़ रहा है। इस क्विज के 15 विजेता भी आज इस वर्चुअल समारोह से जुड़े हैं। मैं सभी विजेताओं को बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने कोविड-19 (कोरोना वायरस) का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गुजरा साल हम सभी के लिए बेहद चुनौतियों का साल रहा है, मगर इन चुनौतियों के बीच विश्वभर में फैले भारतीय मूल के साथियों ने जिस तरह काम किया, अपना दायित्व निभाया है वह हम सभी के लिए गर्व की बात है। यही तो हमारी मिट्टी के संस्कार हैं। इससे भरोसा और मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने कई चीजें विकसित कर एक्सपोर्ट करना आरंभ कर दिया है। 2 कोरोना वैक्सीन तैयार कर दुनिया की फार्मेसी बनने के लिए तैयार हैं। भारत में दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन कार्यक्रम कैसे चलता है, इस पर पूरी दुनिया की नजर है।
















