पीएम आवास योजना : पूरा होगा आशियाने का सपना

56 हजार 368 नए भवनों के निर्माण को मिली मंजूरी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में 56 हजार से ज्यादा नए भवनों का निर्माण कराया जाएगा। केंद्र सरकार ने इसके लिए मंजूरी प्रदान कर दी है। ऐसे में जरूरतमंदों के लिए एक अदद आशियाने की आस पूरी हो सकेगी। पीएम आवास योजना में सस्ता आशियाना मिलेगा। सेंट्रल सैंक्शनिंग एंड मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक में 56 हजार 368 नए भवनों के निर्माण को हरी झंडी दी गई है। केंद्रीय आवास और शहरी विकास मंत्रालय ने साल 2022 तक देश में सभी लाभार्थियों को पक्के मकान बनाकर देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सेंट्रल सैंक्शनिंग एंड मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक में देश के 11 राज्य और केंद्र शासित राज्यों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि वर्ष 2022 तक एक करोड़ 12 लाख घरों की कुल मांग में से लगभग एक करोड़ 11 लाख घरों की अब तक मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि 73.10 लाख मकानों की नींव का काम पूरा हो गया है। 42.70 लाख मकान लाभार्थियों को सौंपे गए हैं। सनद रहे कि मोदी सरकार ने साल 2022 तक देश के सभी परिवारों को पक्का घर देने का वादा किया है। सरकार की इस योजना की शुरुआत 25 जून 2015 को हुई थी। इस योजना के तहत सरकार ने एक करोड़ मकान बनाने का लक्ष्य रखा है, मगर इस समय सरकार जिस गति से काम कर रही है तो इसका लक्ष्य 2022 से पहले पूर्ण होने की उम्मीद है। इस बैठक में लाइट हाउस प्रोजेक्ट्स और डेमोंसट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट्स के कार्यों की समीक्षा भी की गई है। लाइट हाउस प्रोजेक्ट्स की नींव प्रधानमंत्री मोदी ने गत 1 जनवरी 2021 को रखी थी। एलएचपी के अंतर्गत मकानों का निर्माण लखनऊ, रांची, राजकोट, अगरतला, चेन्नई और इंदौर में किया जा रहा है। लाइट हाउस प्रोजेक्ट्स के लिए सरकार ने ऑनलाइन इनरोलमेंट ड्राइव भी आरंभ की है।