विवाद : फ्रांस के राष्ट्रपति के खिलाफ जहरीले बोल

जाकिर नाइक ने सोशल मीडिया पर की विवादित पोस्ट

नई दिल्ली। इस्लाम पर विवादित टिप्पणी कर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों मुश्किलों में घिर गए हैं। मैकों के खिलाफ विभिन्न मुस्लिम देशों ने मोर्चाबंदी तेज कर दी है। इस बीच जाकिर नाइक भड़काऊ बयानबाजी करने से पीछे नहीं है। नाइक ने फ्रांस के खिलाफ सोशल मीडिया पर जहरीले पोस्ट डाले हैं। भारत से भाग कर जाकिर नाइक फिलहाल मलेशिया में समय काट रहा है। वह अक्सर जहरीली बयानबाजी कर माहौल को बिगाडऩे की फिराक में रहता है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के खिलाफ वह निरंतर भड़काऊ पोस्ट कर रहा है। जाकिर ने पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट कर फ्रांस के उत्पादों का बहिष्कार करने की अपील की थी। इसके बाद नाइक ने एक और आपत्तिजनक पोस्ट डाला है। पोस्ट में जाकिर ने लिखा है कि…लेकिन अल्लाह के दूत को गाली देने वालों को एक दर्दनाक सजा मिलेगी। इस पोस्ट के जरिए वह फ्रांस के राष्ट्रपति को एक तरह से धमकी दे रहा है। उधर, फ्रांस और मुस्लिम देशों के बीच तनाव कम होता दिखाई नहीं दे रहा है। दरअसल कुछ दिन पहले फ्रांस में शिक्षक ने क्लास के भीतर छात्रों को पैगम्बर मौहम्मद साहब का विवादित कार्टून दिखाया था। इसके बाद शिक्षक की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने इस्लामी आंतकवाद करार दिया था। उन्होंने कहा था कि इस्लाम हमारा मुस्तकबिल हथियाना चाहता है, जो कभी नहीं होगा। उन्होंने पैगम्बर मौहम्मद साहब के विवादित कार्टून को जारी रखने की बात कही थी। उनके इस बयान पर मुस्लिम देशों ने आपत्ति जताई है। फिलिस्तीन, तुर्की, जॉर्डन, कतर, सऊदी अरब, बांग्लादेश व पाकिस्तान आदि में फ्रांस के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिल हैं। वहां फ्रांस के उत्पादों के बहिष्कार की मुहिम भी छेड़ दी गई है। यह विवाद दुनियाभर का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।