दीपावली पर अलर्ट मोड में पुलिस प्रशासन: जनता की सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरे पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ और पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल

-आरडीसी से हिंट चौक तक पुलिस आयुक्त और डीसीपी नगर ने संभाली कमान, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और बाजारों में चौकसी पर दिया विशेष बल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दीपावली पर्व को लेकर गाजियाबाद पुलिस ने शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। शनिवार रात को पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ ने पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल, सहायक पुलिस आयुक्त कविनगर, प्रभारी निरीक्षक कविनगर एवं पुलिस बल के साथ थाना कविनगर क्षेत्रान्तर्गत आरडीसी से हिंट चौक तक पैदल गश्त की। त्योहारों के दृष्टिगत यह गश्त शहर के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में की गई, जहां पुलिस आयुक्त ने स्वयं जनता से संवाद किया और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लिया। उन्होंने दुकानदारों, व्यापारियों और नागरिकों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और सहयोग की अपील की। गश्त के दौरान पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ ने कहा कि दीवाली के अवसर पर हमारी प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना है। पैदल गश्त का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था पर नज़र रखना नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर उन्हें सुरक्षा का एहसास कराना भी है। वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति से पुलिस बल में उत्साह बढ़ता है और नागरिकों में भरोसे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और एंटी रोमियो स्क्वॉड की सक्रियता बढ़ाई जाए। इसके साथ ही उन्होंने यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि दीवाली के दौरान बढऩे वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखा जाए ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल ने कहा कि पुलिस बल पूरी तरह से तैयार है। दीवाली जैसे बड़े त्योहार के दौरान हम हर इलाके में सक्रिय निगरानी रख रहे हैं। हमारा मकसद यह सुनिश्चित करना है कि नागरिक बिना किसी भय या असुविधा के सुरक्षित वातावरण में अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें।

सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निरंतर गश्त करें और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की दृश्यमान उपस्थिति बनाए रखें। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों और नागरिकों को सुरक्षा के प्रति सजग रहने के साथ-साथ यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की। पुलिस बल ने आरडीसी, हिंट चौक, कविनगर मार्केट और आसपास के इलाकों में पैदल मार्च करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। आम नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पैदल गश्त से जनता में विश्वास बढ़ा है। स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि पुलिस की बढ़ी हुई उपस्थिति से बाजारों में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है और लोग निश्चिंत होकर त्योहार की तैयारियों में जुटे हैं। दीवाली की रौशनी में अमन और सुरक्षा की लौ जलाए रखने के लिए गाजि़याबाद पुलिस हर मोर्चे पर तत्पर है। पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ के नेतृत्व में यह गश्त न केवल शहर की सुरक्षा का प्रतीक बनी, बल्कि जनता के दिलों में भरोसे की रौशनी भी बिखेर गई।