-जिलाधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के संयुक्त अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
-अपने-अपने दायित्वों को सकुशल सम्पन्न करने के लिए एक बार रिहर्सल जरूर करें: कल्पना सक्सेना
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन-पुलिस ने कमर कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को विजयनगर स्थित राजकीय विद्यालय में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह एवं एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून एवं व्यवस्था कल्पना सक्सेना ने संयुक्त रूप से सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने दायित्वों को ध्यान से पढ़े और पूर्वाभ्यास करते हुए उसका पालन करें। जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की लिखित पुन:परीक्षा आगामी 23,24,25,30 व 31 अगस्त को होनी हैं। पुलिस भर्ती लिखित पुन:परीक्षा के संबंध में सेक्टर मजिस्ट्रेटों और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस भर्ती परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता,नकलविहीन,सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर कल्पना सक्सेना ने कहा कि परीक्षा से संबंधित सभी अधिकारी अपने दायित्वों के संबंध में निर्देश पुस्तिका को ध्यान पूर्वक सही से पढ़ लें। अगर कोई बात समझ मेंं नहींं आ रही हो तो संबंधित अधिकारी से संपर्क कर जानकारी लें। इसके साथ ही अपने दायित्वों को सकुशल संपन्न करने के लिए एक बार रिहर्सल जरूर करें। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा से संबंधित कोई भी कार्य निर्देश पुस्तिका के अनुसार ही करना है,उसमें किसी भी प्रकार का कोई बदलाव नहीं हैं। इसलिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश पुस्तिका में दिए गए अपने दायित्वों को ध्यान से पढऩा है,समझना है, याद रखना है और उसका स्थलीय पूर्वाभ्यास करते हुए पालन करना हैं।
जिससे परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता,नकलविहीन,सकुशल संपन्न कराई जा सके। प्रशिक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह,पुलिस आयुक्त नगर राजेश कुमार,केंद्रीय ऑब्जर्वर अमित कुमार,एसडीएम सदर अरूण दीक्षित,एसीपी प्रिया श्रीपाल,एसीपी सलोनी अग्रवाल,जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा,शंभू दयाल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार,राजकीय विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ.विभा चौहान आदि अधिकारी एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

















