वर्ल्ड क्लास फिल्म सिटी से पहले सियासी घमासान

मुंबई पहुंचे यूपी सीएम, शिवसेना का चढ़ा पारा

मुंबई। उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। इस सिलसिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुंबई पहुंचे हैं। सीएम योगी ने मुंबई में फिल्म जगत की नामचीन हस्तियों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। इस दरम्यान कई निर्माता, निर्देशक, अभिनेता और अन्य विशेषज्ञ मौजूद रहे। सीएम ने उनसे सुझाव भी मांगे। बाद में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विश्व स्तरीय फिल्म सिटी बनाई जाएगी। इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि हम मुंबई से कुछ भी कहीं नहीं ले जा रहे हैं। मुंबई की फिल्म सिटी मुंबई में काम करेगी। यूपी में नई फिल्म सिटी को नई जरूरतों के अनुसार नए वातावरण में विकसित किया जाएगा। मुंबई में सीएम योगी आदित्यनाथ से बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने भी मुलाकात की। सीएम योगी ने मुंबई में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उधर, यूपी सीएम के इस दौरे से शिवसेना तिलमिला उठी है। शिवसेना ने कहा कि मुंबई फिल्म सिटी को यूपी में शिफ्ट करने की साजिश हो रही है, जिसे कतई बरदाश्त नहीं किया जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि वह अपने राज्य के व्यापार को दूर नहीं जाने देंगे। इसके अलावा शिवसेना नेता संजय राऊत ने भी भाजपा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले ये बताए कि नोएडा फिल्म सिटी की क्या स्थिति है? राऊत ने अभिनेता अक्षय कुमार की सीएम योगी से मुलाकात पर भी ताना मारा। उन्होंने कहा कि अक्षय कुमार साधु महाराज के लिए आम की टोकरी लेकर गए होंगे। दरअसल उत्तर प्रदेश सरकार मुंबई की तर्ज पर यूपी में फिल्म सिटी विकसित करने की तैयारियों में जुटी है। इसके लिए नोएडा में भूमि का चयन कर लिया गया है। इस संबंध में निरंतर फिल्मी जगत की हस्तियों से संपर्क साधा जा रहा है।