इमरान का पूर्व पीएम नवाज शरीफ पर पलटवार
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की सियासत में आया बवंडर थम नहीं पाया है। प्रधानमंत्री इमरान खान और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बीच जुबानी जंग बेहद तीखी हो गई है। नवाज ने सेना प्रमुख, खुफिया एजेंसी आईएसआई के मुखिया और इमरान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। अब प्रधानमंत्री इमरान ने पलटवार कर मर्यादा की सीमाओं को लांघ दिया है। इमरान ने अपने पद की गरिमा को भूलकर बेहद विवादास्पद बयान दे डाला है। उन्होंने कहा है कि नवाज शरीफ को राजनीति में आने के लिए पूर्व राष्ट्रपति जनरल जिया उल हक के बूट पॉलिश करने पड़े थे। पीएम इमरान खान यहीं पर नहीं रूके। उन्होंने ने आरोप मढ़ा कि शरीफ ने 1980 के दशक के अंत में मीरन बैंक से पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की नेता बेनजीर भुट्टो के खिलाफ चुनाव लडऩे के लिए मोटी रकम ली थी। शरीफ ने पीपीपी के सह-अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी को 2 बार जेल में डाला। प्रधानमंत्री इमरान के इस बयान के बाद विपक्ष ने उन्हें घेरना शुरू कर दिया है। खासकर नवाज शरीफ की पार्टी ने इमरान पर जोरदार हमला बोला है। बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री शरीफ काफी समय से लंदन में हैं। लंदन से उन्होंने वीडियो लिंक के जरिए पाकिस्तान में रैली को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने पाक सेना प्रमुख कमर वाजवा, आईएसआई के मुखिया और प्रधानमंत्री इमरान खान पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने इमरान सरकार को कठपुतली सरकार बताया था। दरअसल सत्ता में आने के बाद से इमरान निरंतर विपक्षी दलों के दिग्गज नेताओं के पीछे पड़े हैं। कुछ दिन पहले पाकिस्तान में नवाज शरीफ के भाई की गिरफ्तारी हुई थी। उन पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप है। विपक्ष शुरू से आरोप लगाता रहा है कि आम चुनाव में सेना की मदद से धांधली कराकर इमरान को सत्ता में लाया गया है।
















