विधानसभा उपचुनाव में मतदान केंद्रों के लिए कल होगी पोलिंग पार्टियां रवाना, 20 को मतदान

-जिला निर्वाचन अधिकारी ने पोलिंग पार्टियां रवानगी स्थल का किया निरीक्षण
-कमला नेहरू नगर मैदान में पूरी तैयारी, 2200 मतदान कार्मिकों पर होगा जिम्मा
-शहर विधानसभा सीट पर मैदान में 14 प्रत्याशी, 20 नवंबर को डाले जाएंगे वोट

गाजियाबाद। गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को होने वाले मतदान के चलते कल यानि कि मंगलवार को कमला नेहरू नगर स्थित मैदान से पोलिंग पार्टियां रवाना होगी। कमला नेहरू नगर स्थित मैदान में पंडाल से लेकर कुर्सी-मेज समेत सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। पुलिस-फोर्स की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम के साथ पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएगी। विधानसभा उपचुनाव के लिए क्षेत्र को 4 जोन और 22 सेक्टर में बांटा गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि आज यानि कि मंगलवार को गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए कमला नेहरू नगर स्थित मैदान से सुबह 8 बजे से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होना शुरू हो जाएंगी। विधानसभा क्षेत्र में 20 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए 119 मतदान केंद्र और 508 बूथ बनाए गए हैं।

जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से वोटरों तक मतदान पर्ची पहुंचाने का काम भी पूरा कर लिया गया हैं। गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट को चुनाव के लिए 4 जोन व 22 सेक्टर में बांटा गया है। एक बूथ पर चार मतदान कार्मिक तैनात रहेंगे। ऐसे में जिले में चुनाव संपन्न कराने के लिए 2032 मतदान कार्मिक तैनात किए जाएंगे। इनके  साथ ही 10 प्रतिशत मतदान कार्मिक रिजर्व में रहेंगे। इन्हें मिलाकर करीब 2200 मतदान कार्मिकों को मतदान के लिए लगाया गया हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कमला नेहरूनगर स्थित मैदान से होने वाली पोलिंग पार्टियां रवानगी स्थल का मौके पर जाकर निरीक्षण किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने मौके पर पाया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में सभी विभाग की पूर्ण तैयारियां हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौसम अनुकूल परिस्थितियों को देखते हुए नियमानुसार आमजन सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राम राजा,एआरटीओ प्रशासन राहुल श्रीवास्तव समेत अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

मतदान निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण कराने को कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित
गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को सुबह 7 बजे से होने वाले मतदान को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके साथ ही पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्र्रों तक ले जाने और लाने के लिए छोटे-बड़े 150 वाहन लगाए गए हैं। कमला नेहरू नगर स्थित मैदान से पोलिंग पार्टियों की मंगलवार को रवानगी होगी। ऐसे में कमला नेहरू नगर स्थित मैदान में मतदान केंद्रों क्रमांक के अनुसार टेबल लगाई गई हैं। टेंट,बेरिकेट्स लगाने के साथ-साथ सफाई व्यवस्था की गई है। मैदान को समतल कर वहां की सफाई की गई है। ताकि मतदान कार्मिकों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

मैदान में बड़ी संख्या में मतदान कार्मिकों के पहुंचने के चलते वहां पीने का स्वच्छ पानी, मोबाइल टॉयलेट और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी मौजूद रहेंगी। प्रत्येक मतदान टीम को हेल्थ किट भी दी जाएगी। इसके अलावा चुनाव सामग्री और ईवीएम मशीन रवानगी स्थल पर आंवटित कर मतदान कार्मिकों को रवाना किया जाएगा। मतदान कार्मिकों को पुलिस की सुरक्षा में मतदान केंद्रों तक रवाना किया जाएगा। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए पैरा मिलिट्री फोर्स,पीएसी व पुलिसकर्मी मतदान केंद्रों पर तैनात किए गए हैं। मतदान केंद्रों को वोटिंग के लिए तैयार कर लिया गया हैं। रैंप बनाने के साथ ही बांस-बल्ली से बैरिकेटिंग की गई हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए पानी समेत अन्य व्यवस्था नगर निगम द्वारा की गई है।

ताकि मतदान के दिन बुधवार को कोई समस्या न हो। पोलिंग पार्टियों की रवानगी सुबह 8 बजे से शुरू होने के बाद उम्मीद है कि दोपहर बाद तक सभी पोलिंग पार्टियां रवाना हो जाएंगी। गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए 14 दिग्गज प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। पिछले 15 दिन से यह प्रत्याशी लगातार अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए चुनाव प्रचार में ताकत झोंक रहे थे। 20 नवंबर को इन सभी 14 दिग्गज प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला विधानसभा क्षेत्र के 4,61,644 मतदाता करेंगे। जिला प्रशासन के लिए इस बार वोट प्रतिशत बढ़ाने की सबसे बड़ी चुनौती दिख रही हैं। ऐसे में मतदान के दिन भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अवकाश भी घोषित किया गया हैं।