चारों आरोपियों को गुजरात ले गई सीबीआई टीम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के चर्चित हाथरस केस के चारों आरोपियों का अब पॉलीग्राफी टेस्ट कराया जाएगा। अदालत से इसकी अनुमति मिल गई है। चारों आरोपियों को जेल से गुजरात ले जाया गया है। सीबीआई टीम द्वारा गुजरात के गांधीनगर में आरोपियों का पॉलीग्राफी टेस्ट कराएगी। अलीगढ़ के जेल अधीक्षक आलोक कुमार ने सीबीआई टीम द्वारा चारों आरोपियों को पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए गुजरात ले जाने की पुष्टि की है। हाथरस केस की जांच सीबीआई कर रही है। 25 नवंबर को सीबीआई की तरफ से कोर्ट में जांच स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की जानी है। कोर्ट में रिपोर्ट दाखिल करने से पहले सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में सीबीआई चारों आरोपियों के खिलाफ पुख्ता और प्रभावी साक्ष्य हासिल करने के लिए पॉलीग्राफ टेस्ट करा रही है। सीबीआई टीम गत 19 नवंबर को मृतका के गांव पहुंची थी। सीबीआई ने छोटू को कैंप ऑफिस में बुलाकर पूछताछ की थी। अब तक सीबीआई मृतका के परिवार, ग्रामीणों, आरोपियों के परिवार और आरोपियों से पूछताछ कर चुकी है। सीबीआई इस प्रकरण में कुछ पुलिस अधिकारियों से भी पुन: पूछताछ करेगी। निलंबित एसपी विक्रांत वीर और एसडीएम पीपी मीना से भी पूछताछ की जाएगी। इन सभी से पीडि़त परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर पूछताछ होनी है। बता दें कि हाथरस में दलित युवती की हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने युवती के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार भी किया था। यह मामला प्रकाश में आने के बाद योगी सरकार को काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी। विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। इसके चलते हाथरस कई दिन तक राजनीति का अखाड़ा बना रहा था। बाद में उप्र सरकार की अपील पर केंद्र ने इस प्रकरण की सीबीआई जांच को मंजूरी दी थी। सीबीआई अलग-अलग एंगल से पूरे मामले की जांच में जुटी है।
















