चर्चित लेखक तारेक फतेह की जान को खतरा

पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों पर लगाए आरोप

इस्लामाबाद। पाकिस्तान मूल के लेखक तारेक फतेह फिर सुर्खियों में हैं। तारेक ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और सेना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि कुछ पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने सूची जारी कर 14 व्यक्तियों से जान को खतरा बताया है। पाक मूल के लेखक तारके फतेह ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। ट्वीट में उन्होंने कहा है कि कुछ सेवानिवृत्त पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी उन पर राजद्रोह का आरोप मढ़कर फांसी देना चाहते हैं। ये रिटायर्ड अधिकारी अमेरिका में रहते हैं। इन पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों ने तारेक फतेह को मौत की धमकी दी है। उन्होंने पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक खतरनाक बताकर 14 व्यक्तियों के नाम का उल्लेख कर सूची जारी की है। दरअसल तारेक फतेह ने पिछले माह फ्रांस में आतंकी हमले की निंदा की थी। इस क्रम में उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान पर भी हमला बोला था। तारेक अक्सर इस्लाम को बदनाम कर रहे कट्टरपंथियों और बलूचिस्तान में मानवाधिकार हनन जैसे संवेदनशील मुद्दों पर अपनी बेबाक राय व्यक्त करते हैं। वह फिलहाल कनाडा में रह रहे हैं। पाकिस्तान की गलत नीतियों का तारेक ने समय-समय पर खुलकर विरोध किया है। इसके चलते वह हमेशा पाकिस्तान की आंखों में अखरते रहे हैं। जिस समय तारेक फतेह पाकिस्तान में रहते थे, तब उन्हें कई बार जान से मारने की कोशिश भी की गई। पाकिस्तान की सेना में फैले भ्रष्टाचार को भी वह उजागर कर चुके हैं। उधर, पाकिस्तान में कोविड-19 की बढ़ती रफ्तार को देखकर सभी शैक्षणिक संस्थानों को 26 नवंबर से 10 जनवरी तक फिर से बंद करने का निर्णय लिया गया है। 2 माह से कुछ दिन पहले स्कूल-कॉलेज खोले गए थे। देश में अब तक 3.7 लाख नागरिक कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।