अच्छी खबर : देश में कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारी

रूस से भारत लाई गई स्पुतनिक वी वैक्सीन

नई दिल्ली। देश में कोविड-19 (कोरोना वायरस) वैक्सीनेशन की तैयारी शुरू हो गई है। रूस से कोरोना वैक्सीन भारत आ पहुंची है। स्पुतनिक-वी वैक्सीन को कोरोना के खिलाफ बेहद कारगर हथियार माना जा रहा है। नई दिल्ली और हैदराबाद एयरपोर्ट पर कोरोना वैक्सीन के रख-रखाव की व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर कोल्ड स्टोरेज तैयार किए गए हैं। इसके अलावा जानकारों के मुताबिक स्पुतनिक-वी के परिवहन में तापमान का विशेष ख्याल रखना जरूरी है। इसलिए वैक्सीन को मॉस्को से दिल्ली लाने के मध्य कोल्ड चेन को टूटने नहीं दिया गया। मॉस्को में नीले रंग के कंटेनर में वैक्सीन को रखकर भारत ट्रांसपोर्ट किया गया। सबसे पहले इस नीले कंटेनर को दूसरे बड़े कंटेनर में रखा गया। यह बड़ा कंटेनर फ्रिज की तरह है। इस कंटेनर को खासतौर से वैक्सीन ट्रांसपोर्ट के लिए तैयार किया गया है। वैक्सीन के ट्रांसपोर्ट में 2 से 8 डिग्री का तापमान बनाए रखने को यह कंटेनर तैयार किया गया है। वैक्सीन को रखने के बाद कंटेनर को पूर्णत: लॉक कर दिया गया। एयरपोर्ट पर कुछ वाहनों की मदद से इस कंटेनर को हवाई जहाज के कार्गो एरिया तक लाया गया। इस दरम्यान यह ध्यान दिया गया कि इसके रास्ते में कोई अड़चन ना आए। कार्गो एरिया में पहुंचने पर वैक्सीन कंटेनर को हाइड्रोलिक लिफ्ट की सहायता से हवाई जहाज के भीतर पहुंचाया गया। जहां कंटेनर को लाल रंग का लॉक लगाकर संतुलन कायम किया गया। तदुपरांत मॉस्को से स्पुतनिक-वी वैक्सीन का कंटेनर लेकर हवाई जहाज टेक ऑफ कर गया। यह हवाई जहाज सीधे नई दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा। वहां भी वैक्सीन अनलोडिंग हेतु पूरी तैयारी की गई थी। वैक्सीन कंटेनर को हाइड्रोलिक की सहायता से जहाज से नीचे उतारा गया। बाद में सुरक्षित तरीके से नई दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर लाया गया। सूत्रों का कहना है कि वैक्सीनेशन के प्रथम चरण की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।