महर्षि वाल्मीकि जयंती की तैयारी जोर-शोर से, नगर आयुक्त ने नवयुग मार्केट स्थित वाल्मीकि पार्क का लिया जायजा

-नगर निगम पूर्व की भांति निभाएगा विशेष भूमिका, पार्क की मरम्मत और सफाई अभियान पर विशेष ध्यान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। 7 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती के भव्य आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नवयुग मार्केट स्थित वाल्मीकि पार्क का निरीक्षण किया। जनता दर्शन के उपरांत शहर भ्रमण के दौरान नगर आयुक्त ने वाल्मीकि समाज के पदाधिकारियों से मुलाकात कर इस वर्ष भी पूर्व की भांति जयंती को भव्य रूप से मनाने के निर्देश दिए। उन्होंने निगम अधिकारियों को पार्क की मरम्मत, सफाई और सजावट के लिए विशेष योजना बनाने के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त के साथ अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार भी उपस्थित रहे। वाल्मीकि पार्क में मौजूद पदाधिकारी प्रदीप चौहान वाल्मीकि, अमित चंद्रा मास्टर, अशोक मकवाना, सतीश पर्चा, ओम पर्चा, अजय हितैषी एवं अन्य पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त को पार्क की मरम्मत, साफ-सफाई और जयंती आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी।

नगर आयुक्त ने तुरंत निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग से विस्तृत कार्य योजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए ताकि सभी कार्य समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकें। वाल्मीकि समाज के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त का हर वर्ष विशेष सहयोग देने के लिए आभार जताया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि अक्टूबर माह में नवरात्रि महोत्सव, दीपावली महोत्सव और अन्य त्यौहार लगातार आयोजित होंगे। नगर निगम हमेशा की तरह इन त्योहारों को भव्य रूप से मनाने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने में सहयोग करें।

विशेष रूप से महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर नगर निगम पूर्व की तरह विशेष भूमिका निभाएगा। नगर आयुक्त ने कहा कि इस बार जयंती महोत्सव को अधिक भव्य और आकर्षक बनाने के लिए पार्क की मरम्मत, सफाई, सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी की जाएँ। इस पहल से न केवल वाल्मीकि समाज बल्कि पूरे शहर के नागरिक इस उत्सव का आनंद ले सकेंगे। नगर निगम ने इस अवसर पर सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे पार्क की देखभाल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि 7 अक्टूबर को होने वाली महर्षि वाल्मीकि जयंती का महोत्सव यादगार और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।