अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव की उलटी गिनती शुरू

हिंसा की आशंका से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

वाशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो गई है। डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडेन के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। चुनाव के अंतिम चरण में हिंसा की आशंका को देखकर सुरक्षा एजेंसियां एकाएक सतर्क हो गई हैं। ऐसे में व्हाइट हाउस, प्रमुख वाणिज्यिक क्षेत्रों और बाजारों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीक्रेट सर्विस (खुफिया सेवा) ने व्हाइट हाउस को किले में तब्दील कर दिया है। इसके अलावा राष्ट्रपति आवास परिसर के चारों तरफ अस्थाई ऊंची दीवार खड़ी की गई है। 600 नेशनल गार्ड सैनिकों को भी मदद के लिए तैयार रखा गया है। न्यूयॉर्क के गवर्नर बिल डे ब्लासियो ने कहा कि पुलिस आयुक्त डेरमोट शेया से बात की गई है। हिंसा के संबंध में कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार की चुनौतियों से निपटने को पूरी तैयारी है। यह आवश्यक नहीं है कि चुनाव परिणाम मंगलवार रात या बुधवार को शत-प्रतिशत आ जाएं। न्यूयॉर्क के गवर्नर बिल डे ब्लासियो ने कहा कि मौजूदा राष्ट्रपति पहले से चुनाव की वैधता पर सवाल उठा रहे हैं। पहले कभी किसी राष्ट्रपति को ऐसा करते नहीं देखा है। उन्होंने बताया कि साढ़े 9 करोड़ से ज्यादा अमेरिकी पहले वोट डाल चुके हैं, मगर हम एक अभूतपूर्व समय में हैं, इसलिए नागरिक चिंतित हैं। उधर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर कहा है कि पेंसिल्वेनिया में मतगणना को लेकर उच्चतम न्यायालय के निर्णय से हिंसा भड़क सकती है। शीर्ष अदालत ने पेंसिल्वेनिया में चुनाव के दिन के 3 दिन बाद तक मतगणना की अनुमति दे दी है। राष्ट्रपति के इस ट्वीट को ट्विटर ने चिन्हित कर कहा कि इसमें साझा की गई जानकारी विवादित है। यह चुनाव को लेकर गुमराह कर सकती है। डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों पर पूरी दुनिया की नजरें हैं।