शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में आधा दर्जन विद्यालय बंद
एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति
गाजियाबाद। सरकार परीषदीय विद्यालय की शिक्षा सुधारने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करोड़ों रुपया खर्च कर रही है, बावजूद इसके स्थिति सुधरने के बजाय दिनों दिन और खराब होती जा रही है। जिला प्रशासन गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के खिलाफ अभियान उनको बंद करा रहा है और सरकारी स्कूलों में दाखिला को प्रेरित कर रहा है। वहीं दूसरी ओर शिक्षा के मंदिर में बच्चों को शिक्षा देने वाले प्रधानाचार्य एवं शिक्षक स्कूल को बंद कर सरकार के सपने को तोडऩे से बाज नही आ रहें है। मंगलवार को नगर शिक्षा अधिकारी के औचक निरीक्षण में आधा दर्जन से अधिक विद्यालयों में ताले लटके मिलें। 
एक विद्यालय में तो प्रधानाचार्य भी अपुपस्थित मिली। अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षकों के एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की गई है। नगर शिक्षा अधिकारी पवन कुमार भाटी ने बताया कि मंगलवार को एक दर्जन से अधिक विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। कंपोजिट विद्यालय में सुबह 9 बजे ताला लटका मिला। यहां समस्त विद्यालय का एक दिन का वेतन रोकने की संस्तुति की गई। प्राथमिक विद्यालय सिहानी नंबर 1 का निरीक्षण 9.15 बजे किया गया। प्रधानाध्यापक अब्दुल कादिर एवं शिक्षा मित्र पूनम त्यागी अनुपस्थित पाई गई। 
दोनों लोगों के एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की गई। इसी प्रकार सिहानी प्राथमिक विद्यालय 4 का निरीक्षण 9.20 पर किया गया। यहां पर भी ताला लटका हुआ मिला। नगर शिक्षा अधिकारी ने पूरे स्टाफ का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। 9 बजकर 30 मिनट पर प्राथमिक विद्यालय सिहानी नंबर 3 का निरीक्षण किया गया। यहां पर प्राधानाध्यापिका बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाई गई। उनका एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की गई। इसी प्रकार कांपोजिट विद्यालय नंदग्राम का निरीक्षण 9.45 मिनट पर किया गया। यहां पर मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ मिला। यहां समस्त स्टाफ के एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया। इसी प्राकर करहैड़ा प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के समय समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। इसी प्रकार कंपोजिट विद्यालय लाजपत नगर में निरीक्षण के दौरान प्राधानाध्यापिका का कार्य व्यवहार संतोषजन नहीं मिला। 
विद्यालय में काफी गंदगी मिली। अभी तक बच्चों में स्वेटर और जूतों का वितरण ठीक ढंग से नहीं किया गया था। इस मामले में प्राधानाध्यापिका के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की संस्तुति की गई। भाटी ने बताया कि हिंडनपार में श्यामपार्क प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान समस्त स्टाफ उपस्थित पाये गये। यहां काम संतोषजनक पाया गया। प्राथमिक विद्यालय पसौडा -2 में निरीक्षण के समय शिक्षिका मालती देवी अनुपस्थित पाई गई। उनके एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की गई। इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय पसौडा के नए विद्यालय में स्टाफ उपस्थित मिला और कार्य संतोषजनक पाया गया। पसौडा 3 में सभी स्टाफ उपस्थित मिला। यहां शिक्षकों के अच्छे कार्य की तारीफ की गई। कंपोजिट विद्यालय भोपुरा में निरीक्षण के समय समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। शिक्षकों का कार्य संतोषजनक पाया गया। नगर शिक्षा अधिकारी पवन कुमार भाटी ने शिक्षकों को हिदायत दी की शिक्षकों व शिक्षामित्रों को प्रतिदिन विद्यालय आना अनिवार्य है। शिक्षण कार्य में लापरवाही बर्दास्त नही की जाएगी।
















