सीसीटीवी में घटना कैद, पुलिस ने शुरू की जांच
नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर में आपराधिक वारदातें रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। निजी कंपनी के भीतर घुसे हथियारबंद बदमाश ने पकड़े जाने पर सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कंपनी के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच हो रही है। नोएडा के थाना सेक्टर-20 अंतर्गत सेक्टर-2 में बरिंग्स कंपनी का कार्यालय है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार को तड़के करीब करीब 4 बजे एक बदमाश ने वहां तैनात सुरक्षा गार्ड को गोली मार दी। गंभीर रूप घायल गार्ड की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने बताया कि हथियारबंद बदमाश दीवार को फांदकर कंपनी के भीतर घुसा था। उस समय कंपनी के कंट्रोल रूम में 2 सुरक्षा गार्ड डयूटी पर थे। एक सुरक्षा गार्ड तत्काल कंट्रोल रूम से बाहर आ गया। गार्ड ने बदमाश को दबोच लिया। बाद में दोनों में मारपीट होने लगी। इस दैरान दूसरा गार्ड भी बाहर आ गया। ऐसे में बदमाश ने किसी तरह खुद को छुड़ा लिया। वहां से भागते समय बदमाश ने गोली चला दी। गोली लगने से सुरक्षा गार्ड घायल हो गया। हालत बिगडऩे पर गार्ड ने दम तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि घटना की सीसीटीवी फुटेज बरामद कर ली गई है। फुटेज के आधार पर जांच चल रही है। पुलिस का कहना है कि हत्यारोपी की जल्द पहचान कर ली जाएगी। सुरक्षा गार्ड के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बता दें कि सोमवार को गौतमबुद्ध नगर के गिरधरपुर गांव में भूमि विवाद में 2 नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। इसके पहले ग्रेटर नोएडा में बदमाशों ने वृद्ध दंपति का मर्डर कर दिया था।
















