रामपुर पहुंची प्रियंका, सरकार पर बोला हमला

दिवंगत किसान नवरीत की अरदास में शिरकत की

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार को रामपुर पहुंची। वहां उन्होंने युवक नवरीत की अरदास में भाग लिया। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में ट्रैक्टर रैली के दरम्यान नवरीत की मौत हो गई थी। ट्रैक्टर पलटने के कारण यह हादसा हुआ था। रामपुर में आगमन के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन करने पर यह सरकार आतंकी बताती है। बिना नाम लिए प्रियंका ने मोदी सरकार पर हमला कर कहा कि मौजूदा दौर में किसानों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहा है। सरकार कृषि कानूनों को वापस नहीं लेना चाहती है, मगर सरकार को नहीं मालूम कि इस आंदोलन से किसानों का कितना नुकसान हो रही है। कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने कहा कि मौजूदा दौर में शहीदों को आतंकी बताया जा रहा है। किसान आंदोलन को सरकार अपने खिलाफ साजिश के रूप में देखती है। सरकार किसानों पर जुल्म कर रही है। यदि कोई नेता हमारी बात नहीं सुन रहा है तो वह किसी के काम का नहीं है। कांग्रेस महासचिव गांधी ने कहा कि हमें उम्मीद थी कि किसानों के लिए इस सरकार के दरवाजे खुलेंगे और सुनवाई होगी, मगर ऐसा कुछ नहीं हो सका। यदि कोई नेता गरीबों की आवाज को नहीं सुन सकता है तो वह हमारा नेता नहीं है। कृषि कानून वापस लेने की मांग को दोहरा कर प्रियंका गांधी ने कहा कि किसानों का आंदोलन सच्चा आंदोलन है। यह देश के सभी किसानों का आंदोलन है। यह आंदोलन देशवासियों का है। देश के सभी नागरिकों का है। यह आंदोलन राजनीति से प्रेरित नहीं है। बता दें कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में टिकरी, सिंघु और गाजीपुर बॉर्डर पर किसान आंदोलन चल रहा है। सरकार से कई दौरा की बातचीत होने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकल पाया है।