निगम कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता पर होगा निस्तारण

-निगम अधिकारियों ने सुनी निगम कर्मचारियों की समस्या

गाजियाबाद। नगर निगम के कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं का लेकर चल रहे गतिरोध को खत्म करने के लिए बुधवार को बिंंदुवार समस्याओं को सुना गया। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ के निर्देश पर नगर निगम कार्यकारिणी कक्ष में अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव की अध्यक्षता में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, जलकल महाप्रबंधक आनंद कुमार त्रिपाठी, प्रभारी कार्मिक रश्मि त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी, सहायक लेखा अधिकारी जेपी सिंह आदि की मौजूदगी में नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार, उपाध्यक्ष संजय शर्मा आदि संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में नगर निगम के कर्मचारियों के हितों को लेकर कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में कर्मचारियों की पदोन्नति, ट्रांसफर से लेकर अन्य कार्रवाई की स्थिति को स्पष्ट किया गया।इस दौरान अन्य मुद्दों पर भी सभी विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने बिंदू कर्मचारी संघ पदाधिकारियों के समक्ष रखे। जलकल विभाग द्वारा सभी स्कूलों एवं नगर निगम के ऑफिस में आरओ लगाने की कार्रवाई को स्पष्ट किया। उद्यान विभाग,नजारत आदि विभागों ने भी अपने स्तर से की जा रही कार्रवाई को स्पष्ट किया। लेखा विभाग से कर्मचारियों के मेडिकल व अन्य बिलों का भुगतान भी समय से किया जा रहा है।

कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार व उपाध्यक्ष संजय शर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों ने बिंदुवार मांग को रखा। इस पर विभाग के अधिकारियों ने आख्या स्पष्ट की। बैठक में नगर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने की मांग की गई। ताकि कर्मचारियों के हित में समय से रहते कार्य किए जा सकें। नगर आयुक्त डॉ.नितिन गौड़़ ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों द्वारा संज्ञान में लाए जा रहे कार्योंं को नियमानुसार प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाए।